जीतू पटवारी ने सरकार से की मध्य प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर श्वेतपत्र जारी करने की माँग, सीएम डॉ. मोहन यादव को लिखा पत्र

कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने पत्र में प्रदेश की कई योजनाओं पर रोक लगने और बढ़ते कर्ज को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि श्वेत पत्र जारी करने के साथ सरकार चुनावी वादों को प्राथमिकता देकर तुरंत पूरा करे। इस पत्र में लिखा है कि 'राज्य सरकार ने चुनावों से पहले कई वादे किए थे, लेकिन अब योजनाओं पर रोक और कर्ज के बढ़ते बोझ से प्रदेश की जनता प्रभावित हो रही है।'
Jitu Patwari

Jitu Patwari demands white paper from Government : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को एक पत्र लिखकर प्रदेश की योजनाओं पर लगी रोक और बढ़ते कर्ज को लेकर चिंता जताई है। सी के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर एक श्वेतपत्र जारी करने और चुनावी वादों को प्राथमिकता देकर तुरंत पूरा करने की माँग भी की है।

उन्होने इस पत्र में कहा है कि सरकार द्वारा 33 विभागों की 73 से अधिक योजनाओं पर रोक लगाने से प्रदेश के हितग्राहियों के हितों को गंभीर आघात पहुंचा है। इसे जनता के साथ विश्वासघात करार देते हुए योजनाओं पर रोक लगने और कर्ज बढ़ते जाने से जनता पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभाव पर त्वरित कार्रवाई करने की माँग की है।

जीतू पटवारी द्वारा मुख्यमंत्री को लिखा गया पत्र

जीतू पटवारी ने सीएम को पत्र में कहा है कि ‘राज्य सरकार ने चुनावों से पहले कई वादे किए थे, लेकिन अब योजनाओं पर रोक और कर्ज के बढ़ते बोझ से प्रदेश की जनता प्रभावित हो रही है। सरकार ने 12वीं कक्षा के टॉपर्स को स्कूटी देने का वादा किया था। पिछले साल 7,790 छात्रों को स्कूटी दी गई थी, जबकि इस साल 25,368 छात्र इस योजना के तहत पात्र हैं। लेकिन इस साल अब तक स्कूटी देने की कोई पहल नहीं की गई है।’

अपने पत्र में उन्होंने सरकारी स्कूलों में 12वीं के 75% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को लैपटॉप देने की योजना के निलंबन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ‘पिछले साल 78,641 छात्रों को लैपटॉप खरीदने के लिए सहायता राशि दी गई थी, जबकि इस साल यह संख्या बढ़कर 90,000 हो गई है। फिर भी छात्रों को अभी तक इस योजना का लाभ नहीं मिला है।’

महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी “लाड़ली बहना आवास योजना” पर भी पटवारी ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, ट4.75 लाख महिलाओं की पहली लाभार्थी सूची जारी की गई थी, लेकिन अब तक किसी को भी मकान निर्माण के लिए 1.20 लाख रुपये की सहायता नहीं दी गई है। हजारों महिलाएं जानना चाहती हैं कि यह योजना कब पूरी होगी?

इसके अलावा, कांग्रेस नेता ने साइकिल योजना के तहत 1.59 लाख विद्यार्थियों को साइकिल न मिलने के कारण पैदल स्कूल जाने की समस्या को भी उजागर किया। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को लाभ पहुंचाना था, लेकिन बार-बार देरी से छात्र इससे वंचित हो रहे हैं।

राज्य की वित्तीय स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए पटवारी ने कहा, ’31 मार्च 2024 तक प्रदेश पर 3.75 लाख करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है। पिछले वित्तीय वर्ष में ही 44 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया गया, लेकिन जनता से किए गए वादों को पूरा करने में सरकार विफल रही है।’ इस पत्र में जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से माँग की है कि मध्य प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर एक श्वेतपत्र जारी किया जाए और जनता से किए गए चुनावी वादों को प्राथमिकता देकर तुरंत पूरा किया जाए।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews