“झूठा धर्म प्रेम, अपराधों पर संरक्षण और भ्रष्टाचार पर पुरस्कार” जीतू पटवारी का MP सरकार पर तीखा हमला, बीजेपी को कई मुद्दों पर घेरा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी सरकार की नीतियों को विफल बताते हुए कहा कि प्रदेश में रोजगार, स्वास्थ्य, निवेश और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े हादसों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को दंडित करने के बजाय पदोन्नति दे रही है। इसी के साथ उन्होंने निवेश और भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी सरकार से सवाल किए हैं।
Jitu Patwari Press Conference

Jitu Patwari Jitu Patwari Press Conference

जीतू पटवारी ने आज भोपाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार की नीतियों को “झूठा धर्म प्रेम, अपराधों पर संरक्षण और भ्रष्टाचार पर पुरस्कार” करार देते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जो भाजपा सरकार धर्म के नाम पर राजनीति करती है, उसी ने शंकराचार्य जी और उनके अनुयायियों का अपमान कर उन्हें गंगा स्नान करने से रोका।

इसी के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी सरकार के निवेश के दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव स्विट्जरलैंड जा रहे हैं तो मध्य प्रदेश के लिए ठोस निवेश लेकर आइए। उन्होंने कहा कि कि प्रदेश सरकार ने 32 लाख करोड़ के MoU साइन करने के दावे किए थे, लेकिन ज़मीन पर सिर्फ 3 प्रतिशत निवेश ही उतरा है।

धर्म-प्रेम के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया

जीतू पटवारी ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के साथ हुई घटना को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में सर्वोच्च आध्यात्मिक पदवी जगतगुरु शंकराचार्य की मानी जाती है, लेकिन सरकार द्वारा माघ मेले में उनके स्नान को रोकना तथा उनके अनुयायियों पर पुलिस के लाठीचार्ज से भाजपा के कथित “धर्म प्रेम” का असली चेहरा उजागर होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एक ओर हिंदू सम्मेलनों का आयोजन कर धर्म का समर्थन दिखाती है, वहीं वास्तविकता ये है कि सनातन धर्म की सर्वोच्च गद्दी का अपमान किया जा रहा है।

हादसों के लिए ज़िम्मेदार अधिकारियों को ‘पुरस्कृत’ करने का आरोप

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वो प्रदेश में हुए बड़े हादसों के लिए ज़िम्मेदार अधिकारियों को ‘पुरस्कृत’ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि छिंदवाड़ा में कफ सिरप कांड के बाद हटाए गए ड्रग कंट्रोलर को सामान्य प्रशासन विभाग में अपर सचिव बनाया गया वहीं इंदौर में दूषित पानी के बाद हटाए गए निगम आयुक्त को मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इससे साबित होता है कि सरकार मौतों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को सजा देने के बजाय सम्मानित कर रही है।

निवेश को लेकर किए सवाल

मुख्यमंत्री की दावोस यात्रा को लेकर भी जीतू पटवारी ने कहा सवाल किए हैं। उन्होंने कहा कि कि प्रदेश का दैनिक कर्ज 200 करोड़ रुपये बढ़ रहा है और 32 लाख करोड़ रुपये निवेश तथा 26 लाख रोजगार का भाजपा का वादा भी हवाहवाई साबित हुआ। उन्होंने कहा कि हकीकत में सिर्फ 3 प्रतिशत निवेश ही जमीन पर उतरा है और रोजगार ‘शून्य’ है। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री विदेश यात्राओं में करोड़ों फूंक रहे हैं, जबकि प्रदेश कर्ज के दलदल में धंसता जा रहा है।

विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरा

इस प्रेस कॉन्फ्रेस में जीतू पटवारी ने विभिन्न मुद्दों पर सराकर को घेरा।  उन्होंने कहा कि जैसे ही एमपीपीएससी का पद खाली होता है, तुरंत भर्ती कर देनी चाहिए, लेकिन स्थिति ये है कि युवाओं को पद बढ़ाने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरना पड़ता है। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 22 बच्चियों के साथ बलात्कार और 23 बच्चियां लापता होने के आंकड़े गंभीर चिंता का विषय हैं। प्रदेश में गौ हत्या और गौ मांस तस्करी के मामले पर कांग्रेस नेता ने इसे भाजपा सरकार की कथनी और करनी के बीच अंतर बताया। इसी तरह नशे के कारोबार को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews