जीतू पटवारी ने मुकेश नायक का इस्तीफा अस्वीकार किया, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष पद से दिया था त्यागपत्र

मुकेश नायक ने स्वेच्छा से अपने पद से इस्तीफा दिया था, जिसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अस्वीकार कर दिया है। जीतू पटवारी ने कहा है कि वे पहले की तरह मीडिया विभाग अध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाते रहेंगे। हालांकि उनके इस्तीफे को कांग्रेस के टैलेंट हंट विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
Mukesh Nayak

Mukesh Nayak

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक का इस्तीफा अस्वीकार कर दिया है। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा पोस्ट में लिखा है कि “आपसे अपेक्षा है कि आप पूर्ववत संगठन की मजबूती हेतु मीडिया विभाग के अध्यक्ष के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।”

बता दें कि आज ही मुकेश नायक ने जीतू पटवारी के नाम अपना इस्तीफा भेजा था जिसमें उन्होंने लिखा था कि पुराने लोगों को नए लोगों के लिए स्थान खाली करना चाहिए और मैं स्वेच्छा से अपने पद से इस्तीफा देता हूं। लेकिन उनका इस्तीफा नामंज़ूर कर दिया गया है।

मुकेश नायक ने पद से इस्तीफा दिया

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने स्वेच्छा से अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को पत्र लिखकर अपना इस्तीफा सौंपा। मुकेश नायक ने अपने इस्तीफे में लिखा कि “‘कल प्रबंध समीति की बैठक में मैंने यह आह्वान किया था कि पुराने लोगों को नए लोगों के लिए स्थान खाली करना चाहिए. मैं स्वेच्छा से अपने पद से इस्तीफा देता हूं. दो वर्ष एक बेहद मेहनती ईमानदार, सक्षम अध्यक्ष के साथ काम करने का अनुभव अच्छा रहा. मेरी अनन्य शुभकामनाएं”।

टैलेंट हंट विवाद को माना जा रहा है कारण

हालांकि इस इस्तीफे को टैलेंट हंट विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ताओं के चयन के लिए संगठन प्रभारी संजय कामले द्वारा जिस ग्यारह सदस्यीय टीम का गठन किया गया उसमें मुकेश नायक का नाम ही नहीं था। वहीं, मीडिया विभाग के प्रभारी अभय तिवारी को इस टैलेंट हंट का अध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद एक और लिस्ट मुकेश नायक ने जारी की थी जिसमें अन्य लोगों के नाम थे। लेकिन उस लिस्ट पर अभय तिवारी ने आपत्ति जताई थी। माना जा रहा है कि इसी विवाद के बाद मुकेश नायक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

जीतू पटवारी ने उनका इस्तीफा नामंजूर किया

हालांकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुकेश नायक का इस्तीफा अस्वीकार कर दिया है। संगठन प्रभारी महामंत्री संजय कामले द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि जीतू पटवारी द्वारा मुकेश नायक का इस्तीफा अस्वीकार किया जाता है। इसी के साथ पत्र में लिखा गया है कि “प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष श्री मुकेश नायक जी द्वारा पारिवारिक कारणों से प्रस्तुत किया गया त्यागपत्र, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी जी द्वारा अस्वीकार कर दिया गया है। आपसे अपेक्षा है कि आप पूर्ववत संगठन की मजबूती हेतु मीडिया विभाग के अध्यक्ष के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।”

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews