जीतू पटवारी ने सीएम डॉ. मोहन यादव से की शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग, कहा “कांग्रेस सकारात्मक सहयोग के लिए तैयार”

कांग्रेस नेता ने आंगनवाड़ी से लेकर उच्च शिक्षा, परीक्षा व्यवस्था, शिक्षकों की कमी, डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास और शोध तक विभिन्न क्षेत्रों की समीक्षा कर समयबद्ध सुधार कार्ययोजना बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस रचनात्मक विपक्ष के रूप में शिक्षा सुधार के हर कदम में सरकार के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है।
MP Congress

Jitu Patwari

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की व्यापक और गंभीर समीक्षा कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में शिक्षा के हर स्तर पर अब गंभीरता से विचार करने और ठोस सुधार की जरूरत है।

कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया पर लिखी पोस्ट में कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव के जनादेश ने भाजपा सरकार को यह संदेश दिया है कि जनता सिर्फ वादे नहीं बल्कि पारदर्शिता, जवाबदेही और परिणाम चाहती है। उन्होंने बताया कि इसी भावना के साथ उन्होंने 4 अगस्त को पत्र लिखकर प्रदेश की बुनियादी चुनौतियों पर तथ्य आधारित सार्वजनिक संवाद और श्वेत-पत्र की परंपरा शुरू करने का आग्रह भी किया था।

शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों में समीक्षा की मांग

जीतू पटवारी ने शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए कई प्रमुख क्षेत्रों को चिन्हित किया है। इनमें आंगनवाड़ी एवं प्रारंभिक शिक्षा, सरकारी स्कूलों में घटता नामांकन, शिक्षकों की कमी, प्रशिक्षण एवं गुणवत्ता, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता और परीक्षा व्यवस्था शामिल हैं। उन्होंने उच्च शिक्षा, विश्वविद्यालयों और कॉलेजों की स्थिति के साथ-साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, डिजिटल शिक्षा और ग्रामीण-शहरी डिजिटल अंतर की समीक्षा कराने की मांग भी की है। साथ ही छात्रों से जुड़ी छात्रवृत्ति और फीस की आर्थिक कठिनाइयों, रोजगार से जुड़ी शिक्षा एवं कौशल विकास तथा शोध और नवाचार की स्थिति को भी समीक्षा के दायरे में शामिल करने की अपील की ।

विशेषज्ञों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद की ज़रूरत बताई

कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री से कहा कि सरकार को शिक्षा को सिर्फ एक विभाग के रूप में नहीं बल्कि प्रदेश के भविष्य की बुनियाद के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने विशेषज्ञों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था की कमियों और सुधार की संभावनाओं को समझने की जरूरत बताई। उन्होंने समयबद्ध और लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार करने तथा उसकी प्रगति की जानकारी जनता के सामने रखने की मांग भी की है।

सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने की बात कही

जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस रचनात्मक और सकारात्मक विपक्ष की भूमिका में सरकार के उन सभी कदमों में सहयोग करने के लिए तैयार है जिनसे मध्यप्रदेश के बच्चों और युवाओं का भविष्य बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि अब आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर तथ्यों पर बात करने और समाधान खोजने की जरूरत है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews