भोपाल में सीलिंग से परेशान व्यापारियों को मिल सकती है राहत, कैलाश विजयवर्गीय बोले- वकीलों से चर्चा कर निकालेंगे रास्ता

भोपाल में चल रही सीलिंग की कार्रवाई से व्यापारियों की परेशानी पर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- अधिकारियों और वकीलों से चर्चा कर निकाला जाएगा रास्ता, मास्टर प्लान पर जल्द निर्णय के संकेत, राहुल गांधी के कार्यक्रम और अखिलेश यादव के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया
Cabinet Minister Kailash Vijayvargiya PC

Cabinet Minister Kailash Vijayvargiya PC

भोपाल। राजधानी में चल रही सीलिंग की कार्रवाई से परेशान व्यापारियों को लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि इस मामले में कानूनी स्तर पर रास्ता निकालने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे भोपाल के व्यापारी इस कार्रवाई से परेशान हैं और विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी फिलहाल दिल्ली में हैं। अधिकारियों और वकीलों के साथ चर्चा के बाद देखा जाएगा कि व्यापारियों की समस्या का क्या समाधान निकाला जा सकता है। भोपाल के मास्टर प्लान को लेकर भी उन्होंने कहा कि इस पर चर्चा चल रही है और जल्द निर्णय लिया जाएगा।

सेवा संकल्प अभियान पूरे प्रदेश में चलाएगी भाजपा

विजयवर्गीय ने सेवा संकल्प अभियान को लेकर बताया कि इसे पूरे मध्य प्रदेश में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर पर बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। पार्टी का प्रयास है कि इस दिन प्रत्येक बूथ पर कम से कम 100 दीप जलाए जाएं।

राहुल गांधी के इंदौर दौरे और उनके प्रस्तावित कार्यक्रम की तारीख में हुए बदलाव पर भी विजयवर्गीय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जिस स्टेडियम की मांग कर रहे हैं, वहां राजनीतिक रैलियां करने पर हाई कोर्ट ने रोक लगा रखी है। इसी को लेकर उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्हें जरूरत हो तो वे वहीं चले जाएं।

अखिलेश यादव के बयान पर विजयवर्गीय का पलटवार

राम मंदिर में सीईओ की नियुक्ति किये जाने को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर कैलाश विजयवर्गीय ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को राम मंदिर के मामले में टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। विजयवर्गीय ने समाजवादी पार्टी पर राम मंदिर का विरोध करने का आरोप भी लगाया।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews