उमरिया के छपडौर आश्रम के पीछे पेड़ पर नजर आया तेंदुआ, फैली दहशत, वन-विभाग का अलर्ट

अधिकारियों ने बताया कि संभवतः भीड़ और शोरगुल के कारण तेंदुआ घबरा कर पेड़ पर चढ़ गया है। फिलहाल वह पेड़ की ऊंची डाल पर बैठा हुआ है और नीचे हो रही हलचल पर नजर बनाए हुए है।
umaria leopard

leopard spotted on a tree in Umaria

उमरिया जिले के मानपुर ब्लॉक के छपडौर आश्रम के पीछे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ पेड़ पर चढ़ा दिखाई दिया। शांत माहौल में अचानक वन्यजीव की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। कोई मोबाइल से वीडियो बनाने लगा तो कोई सुरक्षित दूरी से नज़ारा देखने लगा। डर और उत्सुकता का मिला-जुला माहौल पूरे क्षेत्र में देखने को मिला।

ग्रामीणों को तेंदुए से दूर रहने की सख्त हिदायत 

घटना की सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का पार्क अमला तत्काल मौके पर पहुंच गया। वन विभाग की टीम ने स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों को तेंदुए से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने बताया कि संभवतः भीड़ और शोरगुल के कारण तेंदुआ घबरा कर पेड़ पर चढ़ गया है। फिलहाल वह पेड़ की ऊंची डाल पर बैठा हुआ है और नीचे हो रही हलचल पर नजर बनाए हुए है।

मौके पर सुरक्षा घेरा बनाया

वन अमले द्वारा लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि वे पास न जाएं और पत्थर या किसी भी प्रकार की वस्तु न फेंकें। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त वनकर्मियों को भी बुलाया गया है। मौके पर सुरक्षा घेरा बनाया गया है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

वन विभाग के अधिकारियों ने बना रखी जान 

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुआ आमतौर पर इंसानों पर हमला नहीं करता, लेकिन यदि उसे खतरा महसूस हो तो वह आक्रामक हो सकता है। इसलिए सुरक्षा के सभी निर्देशों का पालन करना बेहद आवश्यक है। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर रेस्क्यू टीम को भी तैयार रखा गया है।

ग्रामीणों से अपील 

ग्रामीणों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं और वन विभाग पूरी सतर्कता के साथ स्थिति संभाल रहा है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही तेंदुए को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर यह याद दिलाया है कि जंगल से सटे इलाकों में वन्यजीवों की आवाजाही सामान्य बात है, इसलिए सतर्कता और संयम ही सबसे बड़ा बचाव है।

Sushma Bhardwaj
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews