Lok Sabha Election 2024 : MP में निर्वाचन आयोग का “चलें बूथ की ओर” अभियान आज से, मतदाता जागरूकता पर विशेष जोर, मतदान प्रतिशत बढ़ाने होंगी कई गतिविधि

"चलें बूथ की ओर" अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का वाचन एवं मतदाता पर्ची का वितरण किया जाएगा। सेक्टर अधिकारी द्वारा मतदाता पर्ची का सत्यापन किया जाएगा। ऐसे दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाता, जो मतदान केन्द्र पर उपस्थित होकर मतदान करेंगे, उन्हें मतदान केन्द्र तक लाने के लिये मेन-टू-मेन मार्किंग की जायेगी। मतदाता जागरुकता के लिये सभी मतदान केन्द्रों पर स्थानीय खेल प्रतियोगिता, मानव श्रृंखला, महिला रैली, स्व-सहायता समूहों द्वारा रंगोली प्रतियोगिता, स्थानीय नागरिकों को शपथ/संकल्प पत्र का वाचन, प्रभात फेरी, मेंहदी प्रतियोगिता, व्यंजन प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, साईकिल/मोटर साईकिल रैली, चित्रकला प्रतियोगिता जैसी आकर्षक गतिविधियां आयोजित की जायेंगी।
Lok Sabha Election 2024

Lok Sabha Election 2024 : मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दो चरण शेष बचे हैं, पहले और दूसरे चरण में कम मतदान प्रतिशत के बाद अब शेष बचे तीसरे और चौथे चरण में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए निर्वाचन आयोग प्रयास कर रहा हैं, मप्र राज्य निर्वाचन आयोग ने इसके लिए “चलें बूथ की ओर” अभियान शुरू किया है, तीसरे चरण के लिए इसकी शुरुआत आज 1 मई से हो रही है वहीं चौथे चरण के लिए ये अभियान 7 मई से शुरू होगा।

पहले और दूसरे चरण में कम रहा मतदान प्रतिशत 

मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में कुल 67.75 प्रतिशत मतदान हुआ था, पहले चरण में सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा में मतदान हुआ था जबकि दूसरे चरण में टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद सीटों के लिए हुई वोटिंग का  मतदान प्रतिशत 58.59 फीसदी रहा था। इन दोनों चरणों में लोकसभा चुनाव 2019 की तुलना में 8 से 9 प्रतिशत कम मतदान हुआ है जिसके बाद से तीसरे और चौथे चरण में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के प्रयास किये जा रहे हैं।

तीसरे और चौथे चरण में इन सीटों पर होनी है वोटिंग 

आपको बता दें कि तीसरे चरण में 7 मई को बैतूल, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ लोकसभा सीट के लिए वोटिंग होगी, इन सभी लोकसभा संसदीय क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों में बुधवार एक मई से “चलें बूथ की ओर’’ अभियान शुरू किया जा रहा हैं। चौथे चरण के लिये यह अभियान 7 मई से शुरू होगा, इन अंतिम चरण में देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगोन, खंडवा लोकसभा सीटों पर मतदान होगा।

निर्वाचन आयोग के अधिकारी करेंगे मॉनीटरिंग

निर्वाचन आयोग  “चलें बूथ की ओर’’ अभियान की व्यापक स्तर पर मॉनीटरिंग करेगा। इस अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों का मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों द्वारा स्पॉट मॉनीटरिंग की जायेगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन द्वारा “चलें बूथ की ओर’’ अभियान की मॉनीटरिंग के लिये निर्वाचन सदन के वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों का दायित्व सौंपा गया है।

अभियान के दौरान होंगी ये गतिविधियां

निर्वाचन आयोग के मुताबिक “चलें बूथ की ओर” अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का वाचन एवं मतदाता पर्ची का वितरण किया जाएगा। सेक्टर अधिकारी द्वारा मतदाता पर्ची का सत्यापन किया जाएगा। ऐसे दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाता, जो मतदान केन्द्र पर उपस्थित होकर मतदान करेंगे, उन्हें मतदान केन्द्र तक लाने के लिये मेन-टू-मेन मार्किंग की जायेगी। मतदाता जागरुकता के लिये सभी मतदान केन्द्रों पर स्थानीय खेल प्रतियोगिता, मानव श्रृंखला, महिला रैली, स्व-सहायता समूहों द्वारा रंगोली प्रतियोगिता, स्थानीय नागरिकों को शपथ/संकल्प पत्र का वाचन, प्रभात फेरी, मेंहदी प्रतियोगिता, व्यंजन प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, साईकिल/मोटर साईकिल रैली, चित्रकला प्रतियोगिता जैसी आकर्षक गतिविधियां आयोजित की जायेंगी।

तीसरे चरण के 20 हजार 456 मतदान केंद्रों पर चलेगा अभियान

तीसरे चरण में प्रदेश के नौ लोकसभा क्षेत्रों में 7 मई को मतदान होना है। इसके अंतर्गत आने वाले 20 हजार 456 मतदान केंद्रों पर एक मई से यह अभियान चलाया जाएगा। इसमें बैतूल, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र शामिल हैं।

चौथे चरण के 18 हजार 7 मतदान केंद्रों पर चलेगा यह अभियान

चौथे चरण में प्रदेश के आठ लोकसभा क्षेत्रों में 13 मई को मतदान होना है। इन आठ लोकसभा क्षेत्रों के 18 हजार 7 मतदान केन्द्रों पर सात मई से यह अभियान चलाया जाएगा। इसमें देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगोन, खंडवा लोकसभा क्षेत्र शामिल हैं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews