Lok Sabha Election 2024 : जीतू पटवारी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, कहा ‘डरे हुए व्यक्ति की बहकी ज़बान के लिए याद किया जाएगा ये चुनाव’

उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव में ऐसी भाषा और शब्द सुनने को मिले हैं जो आज से पहले कभी कहे-सुने नहीं गए। इनमें मांस, मटन, मछली, मंगलसूत्र, मुसलमान, घुसपैठिया, अर्बन नक्सल, माओवादी सोच, घर की बिजली काट देंगे, ज्यादा बच्चे पैदा करने वाले जैसी बातें शामिल हैं।
Jitu

Lok Sabha Election 2024 : अब तक हमने चुनावों के दौरान विपक्षी पार्टियों को एक दूसरे पर खूब आरोप-प्रत्यारोप लगाते देखा है। भ्रष्टाचार, ग़रीबी, महंगाई, बेरोज़गारी जैसे कुछ स्थायी मुद्दे तो हर बार रहते ही हैं..इसी के साथ तत्कालीन समय की स्थितियों को लेकर भी दोषारोपण का सिलसिला चलता रहता है। लेकिन इस बार के चुनावों में कुछ नए शब्द सुनने को मिले हैं जिनमें मांस, मछली, मंगलसूत्र जैसी बातें शामिल है। इन्हें लेकर अब कांग्रेस पीएम मोदी और बीजेपी पर हमलावर है।

प्रधानमंत्री मोदी पर हमला

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पर लिखा है कि ’15 साल मुख्यमंत्री और 10 साल रहने के बाद, एक डरे हुए व्यक्ति की जुबान कैसे बहक सकती है, ये लोकसभा चुनाव इसलिए भी याद रखा जाएगा!  मांस, मटन, मछली, मंगलसूत्र, मुसलमान, घुसपैठिया, अर्बन नक्सल, माओवादी सोच, घर की बिजली काट देंगे, ज्यादा बच्चे पैदा करने वाले, नल की टोंटी खोल ले जाएंगे, बैंक खाते बंद करके पैसा ले लेंगे.. इतना देखने/सुनने के बाद यह तो तय हो गया है कि 75 साल में रिटायरमेंट वाले फार्मूले पर मोदीजी बिल्कुल सही थे! जब 74 में ये हाल है, तो 75 में क्या होगा? मेरी करबद्ध प्रार्थना है कि “विश्वगुरु” को अब विश्राम करना चाहिए! खाली समय में योग/ध्यान करेंगे, तो मन और बुद्धि में एकाग्रता जल्दी आएगी’।

कांग्रेस का साथ देने की अपील

उन्होंने कहा कि बीजेपी सिर्फ़ लूट, फूट, झूठ की राजनीति करना जानती है। गरीबी महंगाई और बेरोजगारी के लिए नरेंद्र मोदी सरकार ही पूरी तरह जिम्मेदार है। 2014 में इन्होंने ढेर सारे झूठे वादे किए और फिर बेबस जनता को बर्बादी की ओर धकेल दिया। मोदी जी का मुख्य चुनावी मुद्दा रहता है जनता का ध्यान भ्रमित करना और नफरत की राजनीति का सहारा लेना। इसलिए 10 साल के PM की ज़ुबाँ पर पूरे चुनाव में बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक तंगी सहित जनता से जुड़े मुद्दे नहीं आएँ। जीतू पटवारी ने कहा कि बीजेपी देश में संविधान को बदलना चाहती है। वो लोकतंत्र की हत्या करना, आरक्षण को समाप्त करना और मीडिया की स्वतंत्रता को छीनना चाहती है और इन्हें बचाने के लिए उन्होंने जनता से कांग्रेस का साथ देने की अपील की।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews