
Madhya Pradesh Police Recruitment
अमरावती (आंध्र प्रदेश) में आयोजित 13 से 17 अक्टूबर तक पांच दिवसीय “ऑल इंडिया पुलिस गेम्स 2025” में मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश पुलिस का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों के पुलिस कर्मियों ने भाग लिया था। मध्यप्रदेश पुलिस की ओर से पावर लिफ्टिंग की टीम मेनेजर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला रावत के नेतृत्व में मंदसौर में पदस्थ आरक्षक भीम शंकर ने 105 किलोग्राम में उत्कृर्ष्ट प्रदर्शन करते हुए पावर लिफ्टिंग में गोल्ड मेडल प्राप्त किया।

उत्कृष्ट योग कौशल का प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल
साथ ही इसी प्रतियोगिता में क्राइम ब्रांच इंदौर, DCRB शाखा में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक बबली खाकरे ने योगा चैंपियनशिप के सिंगल आर्टिस्टिक योगासन इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल तथा जीआरपी इंदौर में पदस्थ उप निरीक्षक (अ) पूनम शर्मा ने ट्रेडिशनल योगासन सिंगल इवेंट में उत्कृष्ट योग कौशल का प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अर्जित किया।

ऑल इंडिया जूडो क्लस्टर 2025 प्रतियोगिता में जीता पदक
इसी तरह जम्मू कश्मीर में आयोजित 8 से 16 अक्टूबर तक ऑल इंडिया जूडो क्लस्टर 2025 प्रतियोगिता में महिला आरक्षक दीक्षा शर्मा ने पेंचक सिलेट सेनी (तुंगगल) ईवेंट में सिल्वर मेंडल, आरक्षक कृष्णा वसुनिया ने कराते के कुमिते ईवेंट में कांस्य पदक, प्रधान आरक्षक श्री मनोज पहारे ने कराते के कुमिते ईवेंट में कांस्य पदक तथा महिला आरक्षक सुश्री तृप्ती पाण्डेय ने पेंचक सिलेट के टेंडिंग ईवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर मध्यप्रदेश पुलिस का मान बढ़ाया।

DGP ने दी बधाई
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने विजेताओं को हार्दिक बधाई दी और उन्हें निरंतर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इन सभी खिलाड़ियों के समर्पण, परिश्रम और अनुशासन ने न केवल मध्यप्रदेश पुलिस का सम्मान बढ़ाया है, बल्कि यह भी सिद्ध किया है कि विभाग के अधिकारी और जवान अपनी सेवा भावना के साथ-साथ खेल और फिटनेस के क्षेत्र में भी अद्वितीय प्रतिभा रखते हैं। उनके ये प्रदर्शन आगामी पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और पुलिस बल की सशक्त, सकारात्मक एवं प्रेरक छवि को सुदृढ़ करते हैं।
