मंत्री ने बताया, ‘कोरोना संक्रमित लोगों के संपर्क में आने के बाद भी कैसे बचे रहे’

शिवराज सरकार

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह (Minister Bhupendra Singh) ने कहा कि संक्रमण बढ़ रहा है, लेकिन लोग लापरवाह हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मास्क कोरोना (Corona) से बचने का सबसे सरल और सस्ता उपाय है। मैं कई कोरोना संक्रमित (Corona Positive) लोगों के संपर्क में आने के बाद भी सिर्फ मास्क और दस्ताने के कारण ही संक्रमण से बचा रहा। उन्होंने बताया कि मैं दो बार कोरोना का टेस्ट करा चुका हूं।

मंत्री भूपेंद्र सिंह ने शनिवार को अपने निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘एक मास्क- अनेक जिंदगी’ अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर सागर सहित अनेक नगरीय निकायों के प्रचार रथों को रवाना किया। मंत्री सिंह ने कहा बगैर मास्क लगाए घर के बाहर निकलने पर नियमानुसार चालान तो होगा ही, लेकिन इसके साथ ही 2 मास्क भी नि:शुल्क दिए जाएंगे।

सभी निकायों में बनेंगे मास्क बैंक 
श्री सिंह ने कहा कि दानदाताओं और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से सभी निकायों में मास्क बैंक स्थापित किए जाएंगे। यहां पर लोग मास्क दान कर सकेंगे और यहीं से अशासकीय संगठन और नागरिक मास्क प्राप्त कर सकेंगे। प्रमुख चौराहों पर भी मास्क दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में संक्रमण अधिक है अतः नगरीय निकायों की भूमिका महत्वपूर्ण है। भोपाल, इंदौर, सागर सहित अनेक निकायों में निकाली गई जागरूकता वाहन रैली की सराहना की।

सभी वार्ड में स्वयं सेवकों की समिति बनेगी
श्री सिंह ने कहा कि नगरीय निकायों के सभी बार्ड में 21 स्वयंसेवकों की समिति बनाई जाएगी। समिति के सदस्य घर-घर जाकर नागरिकों को पंपलेट वितरित करने के साथ ही गर्म पानी पीने, ठंडी चीजों का उपयोग नहीं करने और घर से बाहर निकलने पर मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की समझाइश देंगे। श्री सिंह ने कहा कि अभियान का प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए।

कोरोना अभियान-2 14 अगस्त तक
श्री सिंह ने कहा कि किल कोरोना अभियान- दो आगामी 14 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने कहा कि सभी ने मिलकर कोरोना संक्रमण को रोकने के अच्छे प्रयास किए हैं लेकिन चुनौती अभी बाकी है। श्री सिंह ने कहा कि इस अभियान में नगरीय निकाय सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा अनुसार संकल्प की चेन जोड़ें और कोरोना की चेन तोड़ें।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews