
Umang Singhar
उमंग सिंघार ने मुरैना जिले में हुए मंदिर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस त्रासदी को सुरक्षा मानकों की अनदेखी का परिणाम बताते हुए मुख्यमंत्री से तत्काल कार्रवाई की मांग की। नेता प्रतिपक्ष ने हादसे में मृत बच्चियों के घरवालों को मुआवजा देने और घायलों का निशुल्क इलाज कराने की मांग भी की है।
बता दें कि मुरैना जिले के अहरौली गांव स्थित चामड़ माता मंदिर में सोमवार को अचानक बी मंदिर की छत गिर गई। इस हादसे में तीन बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब मंदिर में प्रसाद वितरण और पूजा के दौरान छत का हिस्सा ढह गया।
मंदिर हादसे में तीन मासूमों की मौत, कई घायल
ये घटना कैलारस थाना क्षेत्र के अहरौली गांव स्थित चामड़ माता मंदिर में हुई। मंदिर में गुंबद का निर्माण और मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान पुरानी छत की पत्थर की पट्टियां अचानक भरभराकर गिर पड़ीं। संयोग से उसी वक्त मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण हो रहा था और कई बच्चे अंदर मौजूद थे। इस दौरान भारी पत्थर के मलबे में दबकर तीन बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। इन तीन मासूम बच्चियों के नाम वैष्णवी सिकरवार (11 वर्ष), छाया गोस्वामी (7 वर्ष) और करिश्मा गोस्वामी (9 वर्ष) है। इनमें दो सगी बहनें भी थीं। हादसे में सात लोग घायल हुए जिनमें बच्चियां और एक दंपत्ति शामिल हैं। घायलों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और फिर मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
उमंग सिंघार ने की मुआवजे और निशुल्क इलाज की मांग
इस मामले पर उमंग सिंघार ने धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल किए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस विषय का संज्ञान लेने की मांग करते हुए कहा कि मृतक बच्चियों के परिजनों को उचित एवं सम्मानजनक मुआवज़ा दिया जाए। साथ ही उन्होंने ये मांग भी की है कि सभी घायलों का निशुल्क और बेहतर इलाज की व्यवस्था की जाए। कांग्रेस नेता ने कहा कि आस्था के साथ-साथ सुरक्षा भी सर्वोपरि है और ऐसी घटनाओं से भविष्य के लिए सबक लेना चाहिए।
मुरैना में मंदिर की छत गिरने से तीन मासूम बच्चियों के असमय निधन की खबर अत्यंत हृदय विदारक है।
इस हादसे में 7 लोगों का घायल होना भी बेहद दुखद है।
धार्मिक आस्था के स्थान पर सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी ने मासूम ज़िंदगियाँ छीन लीं यह स्वीकार्य नहीं है।
मुख्यमंत्री जी सम्पूर्ण…
— Umang Singhar (@UmangSinghar) February 10, 2026
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

