BJP सरकार पर आदिवासियों की जमीनें बेचने के आरोप, जीतू पटवारी बोले मजबूत रणनीति के साथ कांग्रेस लड़ेगी लड़ाई

जीतू पटवारी ने कहा आदिवासी समाज की आवाज़ को हर स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा तथा उनके सम्मान, अधिकारों और न्याय की लड़ाई पूरी शक्ति एवं प्रतिबद्धता के साथ लड़ी जाएगी।
Adivasi Congress State Working Committee meeting Bhopal

Adivasi Congress State Working Committee meeting Bhopal

राजधानी भोपाल में आज मध्य प्रदेश आदिवासी कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी एवं जिला अध्यक्षों की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के आदिवासी समाज से जुड़े समसामयिक मुद्दों, उनके संवैधानिक अधिकारों, जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा तथा उनके साथ हो रहे अन्याय के विरुद्ध संगठनात्मक संघर्ष को और अधिक मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बैठक में भाजपा सरकारों पर आदिवासियों की जमीनें बेचें एक आरोप लगाए।

कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कार्यालय इंदिरा भवन में आयोजित  बैठक में जीतू पटवारी के अलावा, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, CWC सदस्य कमलेश्वर पटेल, पूर्व मंत्रीगण सज्जन सिंह वर्मा, बाला बच्चन, सुखदेव पांसे,  पी.सी. शर्मा, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम, समस्त प्रकोष्ठ एवं विभागों के प्रभारी महेंद्र सिंह चौहान सहित अनेक वरिष्ठ विधायकगण एवं नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

NCRB के आंकड़ों की मदद से प्रदेश सरकार पर हमला 

बैठक को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने NCRB के आंकड़े दिखाते हुए कहा आज आदिवासियों पर अत्याचार के मामले में मध्य प्रदेश नंबर एक है, उन्होंने कहा प्रदेश का आदिवासी आज सबसे ज्यादा प्रताड़ित किया जाता है उसे झूठे केसों में फंसाया जाता है उसकी जमीनों पर कब्ज़ा किया जा रहा है, सरकार आदिवासियों की जमीनें बेच रही है लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी।

BJP सरकार पर आदिवासियों की जमीने बेचने के आरोप 

जीतू पटवारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जल जंगल जमीन का मूल मालिक आदिवासी है उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की सरकार ने दिल्ली की सरकार के साथ मिलकर 1 लाख 26 हजार हेक्टेयर जमीन पिछले 25 सालों में प्राइवेट लोगों को बेच दी जो आदिवासियों की थी, लेकिन उस जमीन की लड़ाई आदिवासी कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत के साथ लड़ेगी।

जहाँ जमीनों का अधिग्रहण हो रहा वहां पहुंचेगी कांग्रेस 

सिंगरौली, उमरिया, झाबुआ, रतलाम, छतरपुर, पन्ना, धार जहाँ जहाँ आदिवासियों की जमीनों का अधिग्रहण हो रहा है वहां पर वहां जाकर कांग्रेस पार्टी निर्णायक लड़ाई लड़ेगी, जीतू पटवारी ने कहा आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और CWC सदस्य कमलेश्वर पटेल के नेतृत्व में इसकी पूरी रणनीति बनाई जाएगी, कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा हमारा संकल्प स्पष्ट है कि आदिवासी समाज की आवाज़ को हर स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा तथा उनके सम्मान, अधिकारों और न्याय की लड़ाई पूरी शक्ति एवं प्रतिबद्धता के साथ लड़ी जाएगी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews