
14 अप्रैल 2026 को भारतीय जनता पार्टी की मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। इस बैठक में प्रदेश के संगठनात्मक मुद्दों पर मंथन होगा। संगठन व सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर रहेगा।
वहीं राज्य सरकार से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा औ के साथ संसद में पारित नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम को लेकर प्रदेश में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी। इसके माध्यम से महिलाओं के बीच अपनी पैठ और मजबूत करने की योजना है।
इसके अलावा मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) को दिवाली तक लागू करने के संबंध में भी चर्चा होने की संभावना है। राज्य सरकार ने आगामी छह महीनों के भीतर यूसीसी लागू करने का लक्ष्य रखा है, ऐसे में माना जा रहा है कि बैठक में राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण से यूसीसी पर चर्चा हो सकती है। इस बैठक में पार्टी के आगामी बड़े कार्यक्रमों की घोषणा की जा सकती है। इसके साथ ही सरकार की जनहितैषी योजनाओं को जमीन पर उतारने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए नए दिशा-निर्देश भी जारी किए जा सकते हैं।
खास बात ये है कि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के पदभार ग्रहण करने के बाद यह इस नई कोर कमेटी की पहली औपचारिक बैठक होने जा रही है, ऐसे में इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। वहीं जून में मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव भी होने है, जिसको लेकर भी भाजपा में मंथन चल रहा है। चर्चा तो ये भी है कि बीजेपी ने एक नया कोर ग्रुप तैयार किया है जिसमें 15 सदस्य और 3 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल किए गए हैं।
बैठक में शामिल हो सकते हैं ये बड़े नेता
जानकारी के अनुसार इस कोर कमेटी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश शामिल हो सकती है। इसके अलावा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा व राजेंद्र शुक्ल, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल और राकेश सिंह भी भाग ले सकते हैं। वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी इस रणनीतिक चर्चा का हिस्सा हो सकते हैं।
12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

