MP Election 2023 : बीजेपी की जनआशीर्वाद यात्रा पर कमलनाथ ने साधा निशाना, ‘राजनीतिक निर्लज्जता’ बताया

KAMAL NATH

MP Election 2023 : मध्य प्रदेश में चुनाव का मौसम आ गया है और सत्ता पक्ष व प्रमुख विपक्षी दल एक दूसरे पर जमकर हमले कर रहे हैं। अपनी अपनी उपलब्धियां गिनाने के साथ दोनों ही एक दूसरे पर तमाम आरोप लगा रहे हैं। मंगलवार को जनआशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ करने मंडला पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री ने कमलनाथ को ‘करप्शननाथ’ और दिग्विजय सिंह को ‘मिस्टर बंटाधार’ की उपाधि से नवाजा। वहीं कमलनाथ ने फिर बीजेपी की जनआशीर्वाद यात्रा पर सवाल उठाए हैं। उन्होने कहा है कि भ्रष्टाचार, महंगाई, अत्याचार और बेरोजगारी जैसी समस्याएं बढ़ाने की एवज़ में वो जनता का आशीर्वाद मांग रहे हैं। इसे उन्होने बीजेपी की राजनीतिक निर्लज्जता बताया है।

कमलनाथ ने जनआशीर्वाद यात्रा पर उठाए सवाल

कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए कहा है कि ‘मप्र में जब भाजपा के संस्थापक सदस्य तक ये कह रहे हैं कि पार्टी में ‘संपर्क’ व ‘संवाद’ दोनों ही नहीं हैं और कार्यकर्ता उपेक्षित हैं तो फिर भाजपा किससे आशीर्वाद लेने निकल रही है। जनता पहले से ही भाजपा के विरुद्ध खड़ी हो गयी है क्योंकि भाजपा ने जनता के लिए कोई काम ही नहीं किया है। भ्रष्टाचार, अत्याचार, महंगाई व बेरोज़गारी भाजपा राज के सह-उत्पाद हैं। क्या जनता इन समस्याओं को बढ़ाने के लिए भाजपा को ‘आशीर्वाद’ देगी ? मप्र की सम्मानित जनता ने कांग्रेस के पक्ष में जनादेश दिया था, उस जनादेश तक का सम्मान भाजपा ने नहीं किया तो इस बार जन-आशीर्वाद वो किस मुँह से माँगने निकल रही है ? इसके लिए राजनीतिक-निर्लज्जता चाहिए, जिसकी भाजपा में कोई कमी नहीं है।’

इससे पहले भी कमलनाथ कह चुके हैं कि बीजेपी काठ की हांडी को बार बार चढ़ाने की कोशिश कर रही है। उन्होने बीजेपी की जनआशीर्वाद यात्रा को टुकड़े-टुकड़े यात्रा बताकर कहा था कि जनता इसे आशीर्वाद की जगह बर्बाद यात्रा में बदल देगी। अब एक बार फिर उन्होने इसपर निशाना साधा है। बता दें कि बीजेपी प्रदेश में 5 जनआशीर्वाद यात्राएं निकाल रही हैं जिनमें से एक का शुभारंभ सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया और दूसरी का मंगलवार को गृहमंत्री अमित शाह ने। ये पांचों यात्राओं का 25 सितंबर को पं दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भोपाल में समागम होगा और इसमें प्रधानमंत्री मोदी भी शरीक होंगे।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews