MP Election 2023 : बीजेपी की जनआशीर्वाद यात्रा को कमलनाथ ने बताया ‘बर्बाद यात्रा’, कहा ‘पांच हिस्सों में बांटकर पहले ही कर दिया पंचनामा’

KAMAL NATH

MP Election 2023 : मध्य प्रदेश में चुनावों की रणभेरी बज चुकी है और दोनों प्रमुख दल पूरी तरह मैदान में आ चुके हैं। बीजेपी ने प्रत्याशियों की घोषणा करने में बाजी मार ली है और पहली सूची घोषित कर दी है। कांग्रेस सितंबर में पहली लिस्ट जारी कर सकती है और बीजेपी की दूसरी लिस्ट भी इस माह आने की संभावना है। वहीं बीजेपी ने एक दिन पहले ही प्रदेश में जनआशीर्वाद यात्रा निकालने की घोषणा की है। अब इन यात्राओं को कांग्रेस ने ‘बर्बाद यात्रा’ बताते हुए तंज कसा है।

कमलनाथ का तंज

कमलनाथ ने कहा है कि बीजेपी बार बार काठ की हांडी चढ़ाने की कोशिश कर रही है जबक जनता उसे पहले ही नकार चुकी है। उन्होने ट्वीट करते हुए कहा कि ‘मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी काठ की हांडी को बार-बार चढ़ाने की कोशिश कर रही है। 2018 में विधानसभा चुनाव से पहले शिवराज जी ने जन आशीर्वाद यात्रा निकाली थी, जिसका स्वागत मध्य प्रदेश की जनता ने पत्थर फेंक कर किया था। जनता ने आशीर्वाद की जगह ऐसा अभिशाप दिया कि यात्रा को बीच रास्ते में ही बंद करना पड़ा था। इस बार दिल्ली के शाहों ने खुद ही यात्रा को पांच हिस्सों में बांटकर इसका पंचनामा कर दिया है। इस तरह यह आशीर्वाद यात्रा टुकड़े-टुकड़े यात्रा में बदल गई है और जनता जल्द ही इसे आशीर्वाद की जगह बर्बाद यात्रा में बदल देगी।’ इस तरह उन्होने बीजेपी की जनआशीर्वाद यात्राओं को बेकार का शिगूफा बताया है।

बीजेपी की जनआशीर्वाद यात्रा

बता दें कि एक दिन पहले ही बीजेपी ने राजधानी भोपाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए जनआशीर्वाद यात्राओं के बारे में घोषणा की है। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि 3 सितंबर से प्रदेशभर में 5 यात्राएं निकाली जाएंगीं। यह यात्राएं कुल मिलाकर 10 हजार 643 किमी की दूरी तय करेंगी और इस दौरान इस दौरान 678 रथ सभाएं और 211 बड़ी सभाएं होंगी। इनका समापन पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर 25 सितंबर को होगा और इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मिलत होने की उम्मीद है। जनआशीर्वाद यात्रा को लेकर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर ने कहा कि उनका प्रयास है कि 92 दिन का काम 18 दिन में किया जाए और उन्हें विश्वास है कि ये यात्राएं जनता से जोड़ने और करीब लाने में सफल होंगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews