MP News : पीएम जन मन योजना के तहत आदिवासी क्षेत्रों में खुलेंगे 194 नए आंगनवाड़ी केंद्र, मंत्री ने जताया पीएम मोदी का आभार

Anganwadi

MP News : देश के कमजोर जनजातीय क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित आवास, स्वच्छ पेयजल, अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवा और कई दूसरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान योजना (PM Jan man Yojana) की शुरुआत की गई है। इसी योजना के तहत केंद्र सरकार ने मप्र के जनजातीय क्षेत्रों में 194 नए आंगनवाड़ी केंद्र खोले जाने की स्वीकृति दी है

महिला एवं बाल विकास मंत्री ने माना पीएम मोदी का आभार 

प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जन मन) योजना के अंतर्गत “सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0” के अंतर्गत विशेष जनजाति क्षेत्र (पीवीजीटी) क्षेत्र में केंद्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने 194 नवीन आंगनवाड़ी केन्द्रों की स्वीकृति दी है। महिला-बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि हम प्रदेश की महिलाओं एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। उन्होंने इसके लिए पीएम मोदी और केंद्र सरकार का आभार माना है।

प्रदेश में जल्दी खुलेंगे नए आंगनवाड़ी केंद्र 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश को आंगनवाड़ियों की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में आंगनवाड़ियों का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा, ताकि बच्चों को इसका लाभ मिल सके।  उन्होंने कहा कि नवीन आंगनवाड़ी केंद्र खुलने से विशेष जनजाति क्षेत्रों के बच्चों को आंगनवाड़ी के माध्यम से उचित पालन-पोषण में सहायता मिलेगी।

प्रदेश के 20 जिलों में खुलेंगे 194 आंगनवाड़ी केन्द्र

प्रदेश के शिवपुरी में 34, श्योपुर में 33, शहडोल में 23, उमरिया में 23, गुना में 14, डिंडोरी में 12, अशोकनगर में 10, अनूपपुर में 7, मंडला में 6, विदिशा में 5, बालाघाट में 5, ग्वालियर में 5, दतिया में 4, जबलपुर में 3, सीधी में 4, मुरैना में 2 एवं कटनी, छिंदवाड़ा, भिंड और रायसेन में 1-1 नवीन आंगनवाड़ी केंद्रों को मिलाकर कुल 194 नवीन आंगनवाड़ी केंद्र खुलेंगे।

बिरसा मुंडा की जयंती पर शुरू हुई है योजना 

आपको बता दें कि इस योजना की शुरुआत 15 नवंबर, 2023 को बिरसा मुंडा की जयंती के दौरान आदिवासी गौरव दिवस के मौके पर केंद्र सरकार ने की  थी। योजना के मुताबिक केंद्र सरकार पीएम जन मन योजना के तहत करीब 24 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी। पीएम जन मन योजना के अंतर्गत गरीब जनजातीय समूहों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 540 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर चुके हैं । इस योजना के तहत पीएम आवास योजना (ग्रामीण) की पहली किस्त का लाभ करीब 1 लाख से ज्यादा लाभार्थियों को दिया गया है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews