MP News : कमलनाथ का शिवराज पर कटाक्ष, कहा ‘मतिभ्रम का शिकार हो रहे हैं’

kamalnath

Kamal Nath took a jibe at CM Shivraj : पूर्व मुख्यमंत्री और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने सीएम शिवराज सिंह चौहान पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि वो मतिभ्रम का शिकार हो रहे हैं। वहीं छिंदवाड़ा में कांग्रेसियों के कमलनाथ को सीएम व नकुल नाथ को सांसद बनाने की शपथ के बारे में उन्होने कहा कि जिन्होने 42 साल से मुझे वोट दिया है, वो तो कहेंगे ही मुझे सीएम बनाने के लिए और इसमें क्या खराब बात है।

सीएम शिवराज पर कटाक्ष

सीएम शिवराज ने कहा था कि वो रोज कमलनाथ से कांग्रेस के वचनपत्र में किए गए वादे से संबंधित एक सवाल पूछेंगे। इसे लेकर कमलनाथ ने उनपर तंज कसते हुए कहा है कि ‘शिवराज जी आप जबरदस्त मतिभ्रम का शिकार हो गए हैं। पहले आपने कहा था कि आप रोज वचन पत्र के बारे में एक झूठा सवाल पूछेंगे। लेकिन आप कभी सवाल पूछते हैं और कभी भूल जाते हैं। आज आपने जो सवाल पूछा है,उसका वचन पत्र से कोई संबंध नहीं है। इसका मतलब है कि कांग्रेस के बाकी वचन पत्र से आप पूरी तरह संतुष्ट हैं। दूसरी बात, आपने मदिरा प्रदेश शब्द को लेकर आपत्ति की है। लेकिन यह शब्द तो आपने ही मध्यप्रदेश के लिए उपयोग में लाया था। आप तो मदिरा प्रदेश के लिए पूरा अभियान चला रहे थे। दिमाग पर जोर डालिए, सब याद आ जाएगा।तीसरी बात यह कि आपकी सरकार ने देसी मदिरा और विदेशी मदिरा की संयुक्त दुकान खोलकर मध्यप्रदेश में शराब की दुकानों की संख्या करीब दोगुनी बढ़ा दी है। आप की नीति स्पष्ट है राशन महंगा और सस्ती दारू। घर-घर दारू पहुंचाने की अपनी नीति के लिए आप मध्य प्रदेश की जनता से माफी मांगिये।’ बता दें कि कमलनाथ ने नई शराब नीति घोषित होने के बाद तंज में मध्य प्रदेश को मदिरा प्रदेश कहा था जिसपर पलटवार करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कमलनाथ जी ने मध्य प्रदेश का अपमान किया है।

वीडियो को लेकर कही ये बात

कमलनाथ आज विधानसभा अध्यक्ष के स्वास्थ्य का हाल जानने पहुंचे। इसके बाद पत्रकारों से चर्चा में उन्होने कुमार विश्वास को लेकर उठे विवाद पर कहा कि यह विवाद कुमार विश्वास और जो लोग हैं उनके बीच का मामला है, इससे मुझे कोई लेना देना नहीं। वहीं छिंदवाड़ा में हुई शपथ पर वे बोले कि जिन्होंने मुझे 42-43 साल वोट दिए हैं वे शपथ लेंगे यह स्वाभाविक है, उसमें कौन सी खराब बात है? कांग्रेस पार्टी के अधिवेशन पर उन्होने कहा कि वहां पूरे देश से लोग आएंगे और साइड लाइन में बहुत सारी चर्चा होगी। आज के समय आवश्यकता है कि आपस में बैठकर विचार विमर्श करें। स्वामी प्रसाद मौर्य के रामायण को दिए बयान पर कमलनाथ ने कहा कि अंत में प्रश्न उठता है सामाजिक न्याय का। सामाजिक न्याय प्राथमिकता होनी चाहिए क्योंकि यही देश की नींव है। अखिलेश यादव के जातिगत गणना के बयान का कमलनाथ ने समर्थन करते हुए कहा कि मैं पहले से कहता रहा हूं कि जातिगत आधार पर जनगणना होना चाहिए, जिसमें दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।

[dgv_vimeo_video id=”801537822″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews