MP का बढ़ा गौरव, ब्रांड बना पन्ना का हीरा,भारत सरकार से मिला GI टैग, सीएम डॉ मोहन यादव ने दी बधाई

स्थानीय प्रशासन और हीरा उद्योग के जानकारों के अनुसार, GI टैग मिलने से पन्ना को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अलग पहचान मिलेगी। निर्यात के अवसर बढ़ेंगे और प्रदेश को राजस्व में वृद्धि होगी ।
CM Dr Mohan Yadav Panna Diamond GI Tag

मध्य प्रदेश के लिए ये गौरव की बात है जब भारत सरकार ने पन्ना के हीरे को GI (Geographical Indication) टैग दे दिया है, इस पहचान के बाद न सिर्फ पन्ना के हीरे को अलग पहचान मिलेगी बल्कि अब पन्ना डायमंड नाम से इसकी ब्रांड वेल्यू भी बढ़ेगी, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इस उपलब्धि पर बधाई दी है।

सीएम डॉ मोहन यादव ने X पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है – अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकेगा ‘पन्ना डायमंड’, हीरा नगरी जिला पन्ना के हीरे को भारत सरकार द्वारा GI (Geographical Indication) टैग मिलना सम्पूर्ण मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह पन्ना के युवाओं, कारीगरों और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा।

पन्ना के हीरे को जीआई टैग से एक ब्रांड के रूप में पहचान मिलना प्रदेश के लिए गर्व की बात है साथ ही पन्ना के लोगों के लिए और हीरा व्यवसाय से जुड़े अधिकारियों, व्यापारियों और कारीगरों के लिए बहुत ख़ुशी का क्षण है। आखिरकार उनकी वर्षों पुरानी तमन्ना और प्रयास पूरे हो गए हैं। इस जीआई टैग के साथ पन्ना का हीरा  मध्य प्रदेश का 21वाँ उत्पाद है जो अब न सिर्फ देश में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी नई पहचान बनाने जा रहा है।

ढाई साल की प्रक्रिया के बाद मिली GI टैग की सौगात 

पन्ना के जिला हीरा अधिकारी रवि पटेल जीआई टैग मिलने से बहुत खुश दिखाई दिए, उन्होंने बताया कि 7 जून 2023 को उनके द्वारा पन्ना के हीरे को जीआई टैग दिलाने के लिए प्रक्रिया शुरू की गई थी और करीब ढाई साल के अंतराल के बाद इसमें सफलता मिली, इसे 14 प्राकृतिक श्रेणी में जीआई टैग दिया गया है।

पन्ना के हीरे को मिलेगी अलग पहचान , राजस्व भी बढेगा 

हीरा अधिकारी ने बताया जीआई टैग मिलने से पन्ना के हीरे की ब्रांड वैल्यू में बड़ा इजाफा होगा और मार्केट में अब पन्ना का हीरा अपनी अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा अब लोग पन्ना के हीरे को अलग से देखेंगे और जब इसकी बिक्री बढ़ेगी तो राजस्व में भी वृद्धि होगी।

पतली कार्बन लाइन इसे दूसरे हीरों से बनाती है अलग 

पन्ना डायमंड अब ब्रांड हो गया है अब उसे सर्टिफिकेट के साथ लोग खरीद सकेंगे, इसकी खासियत ये है कि इसके अन्दर बहुत बारीक़ कार्बन लाइन है जो इसे दूसरे हीरों से अलग बनाती है, पतली कार्बन लाइन के  कारण इसकी अलग अलग डिजाइनिंग की जा सकती है।

कोई दूसरा डायमंड पन्ना डायमंड के नाम से नहीं बेच सकेगा व्यापारी 

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पन्ना का डायमंड हाई क्वालिटी डायमंड है अभी तक कई व्यापारी पन्ना के डायमंड के नाम से दूसरे डायमंड बेच देते थे लेकिन अब ऐसा नहीं हो सकेगा, जो कस्टमर पन्ना का डायमंड चाहेगा तो उसे पूरे प्रमाण के साथ पन्ना डायमंड मिलेगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews