निर्वाचन आयोग ने जिला पंचायत अध्यक्षों की निर्वाचन प्रक्रिया स्थगित की, कांग्रेस ने कसा तंज, लगाये गंभीर आरोप

MP Jila Panchayat Election

MP Jila Panchayat Election : मध्य प्रदेश में आज से चार जिला पंचायतों जबलपुर, अशोक नगर, सीहोर और खंडवा में रिक्त हुए अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होनी थी, लेकिन राज्य निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार रात अध्यक्ष पद की निर्वाचन प्रक्रिया को अपरिहार्य कारणों के चलते स्थगित कर दिया जबकि सदस्य के  निर्वाचन की प्रक्रिय अको यथावत रखा, कांग्रेस ने सिया पर तंज कसा है और निर्वाचन आयोग को भाजपा का अनुषांगिक संगठन बताते हुए गंभीर आरोप लगाये हैं।

चुनाव आयोग ने अध्यक्ष पद की निर्वाचन प्रक्रिया स्थगित की

मप्र राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव अभिषेक सिंह के हस्ताक्षर से शुक्रवार की रात एक आदेश जारी किया गया जिसमें कहा गया कि जबलपुर, अशोक नगर, सीहोर और खंडवा में रिक्त हुए अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए सदस्यों का सम्मेलन बुलाने के लिए 30 दिसंबर 2023 तारीख तय की गई थी लेकिन अपरिहार्य कारणों के चलते निर्वाचन प्रक्रिया स्थगित की जाती है निर्वाचन की नयी तारीख अलग से जारी की जाएगी ।

कांग्रेस ने चुनाव आयोग को बताया भाजपा का अनुषांगिक संगठन  

आयोग के इस आदेश के बाद कांग्रेस ने इस पर ऐतराज जताया, प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमेन केके मिश्रा ने X पर लिखा- अशोक नगर में ज़िला पंचायत अध्यक्ष के रिक्त पद का निर्वाचन होना था, कांग्रेस वहां पूर्ण बहुमत में थी,पराजय के भय से भाजपा के दबाव में उसके अनुषांगिक संगठन राज्य निर्वाचन आयोग ने “अपरिहार्य ” कारण बता कर निर्वाचन प्रक्रिया अकारण रोक दी है, उन्होंने सवाल किया- अपरिहार्य कारण क्या? अब नया कार्यक्रम घोषित करेंगे, ये पंचायत अधिनियम का खुला उल्लंघन है , कांग्रेस नेता ने आरोप लगाते हुए आगे लिखा – इससे स्पष्ट है कि विधानसभा के संपन्न चुनाव में आयोग ने कितना पक्षपात किया होगा?

सदस्य पद के लिए 22 जनवरी को होगा मतदान 

उधर इन चारों जिलों में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आज से निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हो गई। सचिव, राज्य निर्वाचन आयोग अभिषेक सिंह के मुताबिक निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन और नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने का कार्य 30 दिसंबर 2023 से शुरू होगा। नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तारीख 6 जनवरी 2024 है। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 8 जनवरी को होगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 10 जनवरी 2024 है। मतदान 22 जनवरी को सुबह 7 से अपरान्ह 3 बजे तक होगा। मतगणना 25 जनवरी को विकासखंड मुख्यालय पर और परिणाम की घोषणा 27 जनवरी को जिला मुख्यालय पर ही होगी।

चार जिलों के इन वार्डों में चुने जाने से सदस्य 

आयोग ने जानकारी दी है कि उपरोक्त चार जिलों के संबंधित क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है। जबलपुर में वार्ड 7 , अशोक नगर में वार्ड 5, सीहोर में वार्ड 8 और खंडवा में वार्ड 2 के जिला पंचायत सदस्य का निर्वाचन होना है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews