MP Youth Mahapanchayat : सीएम शिवराज की युवाओं को बड़ी सौगात ‘ट्रेनिंग के दौरान हर महीने मिलेंगे 8000 रूपये’

MP Youth Mahapanchayat : सीएम शिवराज की युवाओं को बड़ी सौगात ‘ट्रेनिंग के दौरान हर महीने मिलेंगे 8000 रूपये’

MP Youth Mahapanchayat 2023 : सीएम शिवराज सिंह चौहान ने आज “यूथ महापंचायत” में “मध्यप्रदेश युवा नीति” लॉन्च की। इस अवसर पर उन्होने प्रदेश के युवाओं को बड़ा तोहफा देते हुए घोषणा की कि 12वीं के बाद युवाओं की ट्रेनिंग के लिए सरकार उन्हें 8000 रूपये हर महीने देगी। ‘मुख्यमंत्री युवा कौशल कमाई योजना’ अंतर्गत अलग अलग सेक्टर में ट्रेनिंग के दौरान उन्हें हर महीने ये राशि दी जाएगी। इसी के साथ सीएम ने कहा कि इस साल 1,24,000 सरकारी पदों पर भर्तियां होंगी वहीं उद्योगों के जरिए 29 लाख लोगों को रोजगार मुहैया कराया जाएगा। चुनाव से पहले ये शिवराज का मास्टर स्ट्रोक है। इसी के साथ उन्होने एक बार फिर ‘आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश’ का नारा दिया और युवाओं को इसका संकल्प भी दिलाया। इसके बाद सभा में ‘वी लव मामा’ के जमकर नारे भी लगे और सीएम ने भी इसके जवाब में कहा कि ‘आई लव भांजे और भांजियां।’

यूथ महापंचायत 

भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘यूथ महापंचायत’ एवं ‘युवा नीति’ की घोषणा कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अमर शहीद सरदार भगत सिंह जी, सुखदेव जी, राजगुरू जी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर किया। यहां मंत्री विश्वास सारंग, यशोधराराजे सिंधिया, इंदरसिंह परमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सीएम शिवराज ने कार्यक्र में सहभागिता करने आए सभी युवा प्रतिभागियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और कहा कि आज संपूर्ण ‘युवा नीति’ की घोषणा हुई, यूथ पॉलिसी के लिए 10 हजार से ज्यादा सुझाव आए थे। इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग एवं खेल विभाग की योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न हितग्राहियों के खातों में वर्चुअल माध्यम से हितलाभ वितरित किया गया। यूथ महापंचायत में “युवा पोर्टल” का लोकार्पण भी हुआ। यह पोर्टल व्यापक ऑनलाइन मंच है जिसका उद्देश्य राज्य में युवाओं को सूचना, संसाधनों और अवसरों के साथ सशक्त बनाना है।

सीएम की बड़ी घोषणाएं

यूथ महापंचायत में सीएम शिवराज सिंह ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि 124000 सरकारी नौकरियां देंगे एवं उद्योगों के जरिए 2900000 लोगों को मध्य प्रदेश सरकार नौकरियां देगी। इसी के साथ भोपाल के अलावा ग्वालियर जबलपुर सागर रीवा रीवा में भी ग्लोबल स्किल पार्क बनेंगे। उन्हने कहा कि युवाओं को रोजगार मिलना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होने कहा कि मैं बेरोजगारी भत्ते का विरोधी हूं और हम प्रदेश के युवा बेरोजगारों के लिए मुख्यमंत्री कौशल कमाई योजना प्रारंभ करेंगे। शिक्षित बेरोजगारों से प्रशिक्षण दिलवाएंगे और 8000 रूपये महीने उन्हें दिया जाएगा। इसी के साथ एक और बड़ा ऐलान करते हुए उन्होनने कहा कि 100 करोड़ की लागत से स्टूडेंट इनोवेशन फंड बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि युवा एक बार फीस भरकर साल भर मध्य प्रदेश सरकार द्वारा संचालित प्रवेश परीक्षाओं मैं बैठ सकेंगे। दिल्ली में नौकरी के लिए जाते समय मध्य प्रदेश भवन में रहने का मौका भी सरकार देगी।

उन्होने युवाओं से पर्यावरण बचाने वृक्ष लगाने का आह्वान किया और  योग उपक्रमों की जरूरत तथा नशे के कारोबारियों को खत्म करने की जरूरत पर बल दिया। सीएम ने कहा कि  1 अप्रैल से सभी शराब दुकानों के अहाते बंद होंगे। कोई भी सार्वजनिक स्थानों पर शराब नहीं पी सकेगा और ऐसा करने वालों पर कार्रवाई होगी। उन्होने युवाओं से कहा कि मोबाइल से थोड़ी दूरी बनाकर खेलकूद में रूचि बढ़ाएं जिससे न केवल उनका शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होगा। इसी के साथ सीएम शिवराज ने युवाओं को संकल्प दिलाया कि आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

सीएम का उद्बोधन

सीएम ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा ‘मेरे युवा बेटे – बेटियों मध्यप्रदेश की युवा नीति, केवल कर्मकाण्ड नहीं है, बल्कि तुम्हारी जिंदगी को बदलने का एक विनम्र प्रयास है! व्यापक पैमाने पर विचार-विमर्श के बाद हमने युवा नीति लॉन्च की है। 10,000 सुझावों के आधार पर हमने इस नीति को तैयार किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भारतीय जनता युवा मोर्चा, मध्यप्रदेश के युवा साथियों ने हमें सहयोग प्रदान किया। मेरे बच्चों, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से आप उद्यमी बनने का अपना सपना साकार कर सकते हैं। इसमें 1 लाख से 50 लाख रुपए बैंक आपको देंगे और लोन वापसी की गारंटी हमारी सरकार देगी! युवा नीति का एक उद्देश्य है कि ऐसे उद्यमी बनें जो आत्मविश्वास के साथ जोखिम लेने को तैयार हों। आर्थिक और वित्तीय व्यवस्था के प्रति जागरूक हों। युवा नीति का उद्देश्य ऐसे युवाओं का निर्माण करना है जो अपनी संस्कृति एवं संस्कार के प्रति आदर से पूर्ण हों, जो राष्ट्र निर्माण एवं अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित हों, जो भविष्य में नेतृत्व प्रदान करने में समर्थ हों। शिक्षा एवं कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता, स्वास्थ्य, युवा नेतृत्व और सामाजिक कार्य, जीवन के लिए खेल, मेरा प्रदेश-मेरा गौरव, पर्यावरण सुरक्षा तथा समावेशन और समता युवा नीति के कार्य क्षेत्र हैं।’

[dgv_vimeo_video id=”810841792″]

[dgv_vimeo_video id=”810845207″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews