भोपाल में युवा मनोचिकित्सकों का राष्ट्रीय सम्मेलन, राज्यपाल ने किया उद्घाटन

भोपाल में युवा मनोचिकित्सकों का राष्ट्रीय सम्मेलन, राज्यपाल ने किया उद्घाटन

National Conference of Young Psychiatrists in Bhopal : राजधानी में 5 अगस्त को भारतीय मनोचिकित्सक समिति (Indian Psychiatric Society) के युवा मनोचिकित्सकों की सब कमेटी का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन (YPCON 2023) प्रारंभ हुआ। सम्मेलन का उद्घाटन शनिवार शाम 4 बजे मध्य प्रदेश के महामहिम राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने किया। युवा मनोचिकित्सको के इस सम्मेलन में दो दिनों में लगभग 25 सत्र आयोजित हैं जिनमें सिम्पोजियम, वर्कशॉप, पेपर प्रेजेंटेशन के सत्र शामिल हैं।

भोपाल के ताज लेकफ्रंट होटल में आयोजित सम्मेलन के साइंटिफिक सेशन, पेपर प्रेजेंटेशन, सेमिनार और वर्कशॉप की शुरुआत शनिवार सुबह से ही हो गई थी, लेकिन इसका औपचारिक शुभारंभ शाम को महामहिम राज्यपाल द्वारा किया गया। पद्मश्री डॉ वी एन गंगाधर (पूर्व निदेशक, निमहान्स, बंगलोर) तथा डॉ विनय प्रसाद (अध्यक्ष, इंडियन सायकायट्रिक सोसाइटी) उद्घाटन सत्र के विशिष्ट अतिथि थे। शुभारंभ अवसर पर सम्मेलन आयोजन समिति के चेयरपर्सन डॉ आर एन साहू ने स्वागत उद्बोधन देते हुये कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मेलन डिजिटल मेंटल हेल्थ थीम पर आधारित है जिसमें पूरे देश और कुछ अन्य देशों से भी लगभग 500 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। डॉ साहू ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस से आज मानसिक समस्याओं को और भी बेहतर ढंग से समझने और उनके उपचार में मदद मिली है। डिजिटल मेंटत हेल्थ को अपनाए जाने से मानसिक रोगों संबंधी गलत धारणाओं और पूर्वाग्रहों को समाप्त करने में भी मदद मिल रही है।

महामहिम राज्यपाल ने उद्घाटन वक्तव्य देते हुए इस सम्मेलन को बहुत महत्वपूर्ण बताया और कहा कि मनोचिकित्सकों के उपचार से बीमार लोगों को पुनः खुशी मिलती है और उनका जीवन स्तर ऊपर उठता है। राज्यपाल ने भारत की मानसिक स्वास्थ्य नीति 2014, मानसिक स्वास्थ्य देखरेख अधिनियम 2017 और राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के सही क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि युवा मनोचिकित्सकों को चाहिए कि वे माह में कम से कम एक बार आम लोगों और गरीबों के उपचार के लिए ज़रुर जाएं।

उदघाटन सत्र को विशेष अतिथिगण, पद्मश्री प्रोफेसर डॉ वी एन गंगाधर तथा इंडियन सायकायट्रिक सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ विनय कुमार ने भी संबोधित किया। उद्घाटन सत्र के समापन पर सम्मेलन आयोजन समिति की सचिव डॉ समीक्षा साहू ने आभार प्रकट करते हुए महामहिम राज्यपाल और सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ प्रतीक्षा साहू ने किया। सम्मेलन में देश के जानेमाने मनोचिकित्सक विभिन्न विषयों पर वक्तव्य दे रहे हैं। इनमें डॉ शेखर शेषाद्रि, डॉ विहंग वाहिया, डॉ निमेष देसाई, डॉ समीर पारेख, डॉ जी प्रसाद राव शामिल हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews