अभिनेत्री नुसरत भरूचा के महाकाल दर्शन पर विवाद: मौलाना ने कहा ‘माफी मांगे, कलमा पढ़े’, बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का पलटवार- सांप्रदायिक सद्भाव की बातें बनावटी

बॉलीवुड एक्ट्रेस के श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती और दर्शन करने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने इसे शरीयत के खिलाफ बताते हुए नुसरत से माफी मांगने और कलमा पढ़ने की बात कही है। इसे लेकर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने मौलाना के बयान को दोहरा मापदंड करार दिया है।
Uniform Civil Code

Rameshwar Sharma

बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा के उज्जैन में श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने के बाद शुरू हुआ विवाद अब सियासी रंग ले चुका है। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी द्वारा इसे शरीयत के खिलाफ बताते हुए अभिनेत्री से तौबा और कलमा पढ़ने का फतवा जारी करने के बाद बीजेपी ने इसपर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

भोपाल से बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस मामले पर कहा है कि जो लोग धर्मनिरपेक्षता की दुहाई देते हैं उन्हीं के बीच से ऐसे मौलाना और उनके समर्थक सामने आते हैं, जिन्हें एक अभिनेत्री के महाकाल मंदिर जाने पर आपत्ति हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह रवैया सांप्रदायिक सद्भाव और हिंदू-मुस्लिम एकता के दावों के बिल्कुल विपरीत है।

नुसरत भरुचा के महाकाल दर्शन पर विवाद

नुसरत भरुचा की उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती और दर्शन की यात्रा पर हंगामा हो गया है। नए साल से पहले मंदिर पहुंचीं नुसरत ने जल अर्पित किया, आरती में हिस्सा लिया और इंस्टाग्राम पर “जय श्री महाकाल” लिखकर तस्वीरें शेयर की थी। इसके बाद ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे शरीयत के खिलाफ “गुनाह-ए-अजीम” बताया और नुसरत से तौबा करने व कलमा दोबारा पढ़ने की बात कही है।

रामेश्वर शर्मा का पलटवार

अब इस मामले में भोपाल से बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “मौलाना शहाबुद्दीन और उनके चट्टे बट्टे सांप्रदायिक सद्भाव हिंदू मुस्लिम एकता की बात करते हो और नुसरत के महाकाल मंदिर जाने पर मौलाना के प्राण निकल रहे हैं। और तथाकथित बुद्धिजीवी जो टोपी लगाकर मीठी और बकरीद पर बधाई देते हैं वो लोग मौलाना की आपत्ति पर क्यों चुप है। मौलाना को समझ लेना चाहिए नुसरत जैसी और बहनें भी दर्शन के लिए आएंगीं हम उनका स्वागत करते हैं। हम उन्हें सनातन कबूल करने का नहीं कह रहे जैसा वो करते हैं लेकिन हम मंदिर आने पर उनका स्वागत करेंगे।” बता दें कि नुसरत भरुचा दाऊदी बोहरा समुदाय से हैं और पहले भी सभी धर्मों का सम्मान करने की बात कह चुकी हैं। उनका एक पुराना वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें वे कहती हैं कि वे रोज नमाज पढ़ती हैं और जहां शांति मिले वहां जाना चाहिए।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews