MP में आंगनवाड़ी भर्ती में भ्रष्टाचार के आरोप: मंत्री नागर सिंह चौहान के वीडियो से मचा हड़कंप, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

प्रदेश मे आंगनवाड़ी भर्ती प्रक्रिया में घोटाले की गूंज सुनाई दे रही है। खुद मोहन सरकार के मंत्री ने इसे लेकर वीडियो जारी किया है और कहा है कि उनके पास लेन-देन की कई शिकायतें आ रही हैं और इसमें विभाग के कर्मचारी-अधिकारियों की मिलीभीगत भी हो सकती है। इसके बाद अब नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर निशाना साधा है।
Umang Singhar Opposition Leader

Umang Singhar

मध्यप्रदेश में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 19,500 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। लेकिन इसे लेकर विवाद शुरु हो गया है। मोहन सरकार के मंत्री नागर सिंह चौहान ने स्वयं एक वीडियो जारी कर अलीराजपुर जिले में भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं का खुलासा किया। इसके बाद अब कांग्रेस प्रदेश सरकार पर हमलावर है।

प्रदेश कांग्रेस ने इस वीडियो के सामने आने के बाद कहा है कि ‘नागर सिंह चौहान ने सार्वजनिक तौर पर कहा है कि महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया के विभाग में मिलीभगत से पैसा लेकर भर्ती कराने वालों के नेटवर्क सक्रिय है। एक मंत्री, दूसरे मंत्री के विभाग के अफसरों पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। यही “डबल इंजन सरकार” का असली चेहरा है।  एक जिले का यह हाल है तो बाकी 54 में क्या होगा?’

मंत्री नागर सिंह चौहान ने वीडियो में कही ये बात 

ये मामला तब गरमाया जब मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री नागर सिंह चौहान ने स्वयं एक वीडियो जारी कर अलीराजपुर जिले में भर्ती प्रक्रिया में हो रही गड़बड़ियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि ‘अलीराजपुर में ये बातें सामने आ रही है और कई लोग दलाली के चक्कर में घूम रहे हैं। मुझे लग रहा है कि कहीं न कहीं विभाग के अधिकारी कर्मचारी भी मिले हुए हैं। ये कहा जा रहा है कि आंगनवाड़ी भर्ती में आपकी नियुक्ति करा दूंगा तो इतनी इतनी राशि दे दो। ये शिकायतें मेरे पास भी बड़ी संख्या आ रही हैं। मैं सभी आवेदनकर्ता बहनों बेटियों से निवेदन करना चाहता हूं कि किसी को भी एक भी पैसा देने की आवश्यकता नहीं है। जिसके नंबर अच्छे होंगे उसी को आंगनवाड़ी की नियुक्ति दी जाएगी।’ इस तरह मंत्री नागर ने साफ कहा कि उन्हें कई शिकायतें मिल रही हैं लेकिन नियुक्ति सिर्फ मेरिट के आधार पर होगी और कोई भी किसी को इसके लिए पैसे न दें।

कांग्रेस ने सरकार से किए सवाल

अब इस मामले पर अब कांग्रेस ने प्रदेश की बीजेपी सरकार को घेरा है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा है कि अब तो स्वयं बीजेपी सरकार के मंत्री भी मान रहे हैं कि प्रदेश में आंगनवाड़ी भर्तियों में सौदेबाजी हो रही है। उन्होंने कहा कि ‘मंत्री नागर सिंह चौहान ने खुद स्वीकार किया कि दलाल और सरकारी कर्मचारी पैसे लेकर नियुक्तियां कराने का दावा कर रहे हैं। यह शर्मनाक है कि महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री निर्मला भूरिया के पड़ोसी जिले में भी यही हाल है। एमपी में 19,504 पदों पर भर्ती हो रही है, जिनमें 2,027 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 17,477 सहायिका के पद शामिल हैं। अगर अलीराजपुर में यह स्थिति है, तो बाकी जिलों में भी यही हो रहा होगा।’ इसी के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मामले की असलियत पता करने की मांग की है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews