पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ कांग्रेस मध्यप्रदेश में करेगी पुतला दहन और कैंडल मार्च, जीतू पटवारी ने कहा ‘हम सरकार और सेना के साथ’

कांग्रेस ने इस हमले को लेकर सरकार के साथ एकजुटता दिखाई है और आतंकियों के खिलाफ़ कड़ी कार्रवाई की माँग की है। फूल सिंह बरैया, आरिफ मसूद सहित कई कांग्रेसी नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा की। वहीं, मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए कहा कि इस्लाम कभी भी निर्दोषों को मारने की इजाज़त नहीं देता है और ये घटना इंसानियत पर काला धब्बा है।
Congress reaction Pahalgam attack

Pahalgam Terror Attack : पहलगाम में मंगलवार दोपहर हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। बैसरन घाटी में हुए हमले को लेकर देशभर में रोष है और राजनीतिक दलों से भी अलग-अलग प्रतिक्रिया आ रही है। इसे लेकर आज भोपाल में कांग्रेस पार्टी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमें जीतू पटवारी ने कहा कि वो इस समय पूरी तरह देश की सेना और सरकार के साथ है।

इस दौरान वरिष्ठ नेता मुकेश नायक, फूल सिंह बरैया, विधायक आरिफ़ मसूद सहित कई नेता कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने इस हमले की निंदा की और सरकार से दोषियों से इसपर त्वरित और कड़ी कार्रवाई की माँग की। वहीं, आज मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनवर पटेल ने भी साथियों के साथ इस घटना के ख़िलाफ़ पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए और कहा कि ये कृत्य इस्लाम के ख़िलाफ़ है और ऐसा कृत्य पूरी मानवता पर कलंक है।

कांग्रेस ने की पहलगाम हमले की कड़ी निंदा

बैसरन, पहलगाम से लगभग 5-6 किलोमीटर की दूरी पर है। पर्यटकों के बीच ये जगह ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से मशहूर है और दुनियाभर से लोग इस जगह आते हैं। लेकिन मंगलवार को यहां आतंकियों ने जिस हिंसक घटना को अंजाम दिया..उससे पूरा देश स्तब्ध है। इस घटना के बाद अब सभी एक स्वर में इस कृत्य में शामिल आतंकियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की माँग कर रहे हैं। कांग्रेस ने भी इसकी कड़ी निंदा की है।

जीतू पटवारी ने कहा ‘हम सरकार और सेना के साथ’

आज कांग्रेस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इस घटना की कड़ी निंदा की। कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि हम पूरी तरह से सेना और सरकार के साथ है। आज देश का हर नागरिक चाह रहा है कि जिस आतंकी संगठन ने ये कृत्य किया उन्हें नेस्तनाबूत कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस हमले के खिलाफ़ हर जिले और ब्लॉक में कैंडल-मार्च निकालेंगे। कांग्रेस का अल्पसंख्यक विभाग पूरे प्रदेश में इन आतंकवादियों का पुतला दहन करेगा।

फूल सिंह बरैया और आरिफ मसूद ने की कड़ी कार्रवाई की मांग 

इस घटना का विरोध जताते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता फूलसिंह बरैया ने कहा वहां आतंकवाद कभी रूका नहीं और सरकार को इसपर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। केंद्र और जम्मू-कश्मीर सरकार को इसपर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं, भोपाल विधायक आरिफ मसूद ने घटना की निंदा करते हुए सरकार से इसपर कड़ा कदम उठाने की माँग की। उन्होंने कहा कि नफ़रत फैलाने की बजाय इस समय एकजुट होकर सरकार के साथ खड़े होकर आतंकियों के खिलाफ अपनी आवाज उठानी चाहिए।

वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष ने लगाए पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे

इस आतंकी घटना के विरोध में आज मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनवर पटेल ने अपने सहयोगियों के साथ हाथों में पोस्टर लेकर पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। उन्होंने इस घटना की निंदा की और दुख जताते हुए कहा कि ‘जो आतंकी घटना हुई ये पूरी इंसानियत, भाईचारे पर बहुत बड़ा काला धब्बा है। इस्लाम धर्म में इसकी इजाज़ नहीं है..इस्लाम कभी निर्दोष को मारने की इजाज़त नहीं देता। ये लोग इस्लाम को बदनाम करने का काम कर रहे हैं और हमारे यहां जो मोहब्बत-भाईचारा है उसे मिटाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन, देश की जनता सब एकमत है..आज पूरे मध्यप्रदेश और देश में मुसलमान बाहर निकलकर इस घटना की कड़ी निंदा कर रहा है। हमें सरकार पर पूरा भरोसा है कि सरकार ऐसे गलत काम करने वालों को सजा देगी।’

[dgv_vimeo_video id=”1077889901″]

[dgv_vimeo_video id=”1077891428″]

[dgv_vimeo_video id=”1077891789″]

[dgv_vimeo_video id=”1077891935″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews