भोपाल के गोंडीपुरा में स्मार्ट मीटर से जनता परेशान, कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने जनता दरबार में सुनी लोगों की समस्याएं

लोगों ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद अचानक उनके बिल दो गुना तक बढ़ चुके हैं जिसकी सुनवाई किसी भी स्तर पर नहीं हो रही है।
भोपाल के गोंडीपुरा में स्मार्ट मीटर से जनता परेशान, कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने जनता दरबार में सुनी लोगों की समस्याएं

शहर में बिजली कंपनी द्वारा जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाने के बाद लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। भोपाल के गोंडीपुरा इलाके में रविवार को स्मार्ट बिजली मीटर लगने के बाद आए बढ़े हुए बिल लेकर उपभोक्ताओं ने रोष जताया। मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने जनता दरबार में आक्रोशित लोगों की समस्याओं को सुना और मौके पर बिजली के बिल देखकर उपभोक्ताओं से चर्चा की।  कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने लोगों को आश्वस्त किया है कि वह जल्द ही इस मामले में बिजली कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करेंगे। यदि समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।

परेशान लोगों ने दी चेतावनी 

गोंडीपुरा में बड़ी संख्या में इकट्ठा हुई महिलाओं ने अपने अपने बढ़े हुए बिजली के बिल और फ़र्ज़ी चालान की कॉपी दिखाकर बताया कि बिजली विभाग कैसे अपनी मनमानी करते हुए उपभोक्ताओं को बढ़े हुए बिल और फ़र्ज़ी चालान बनाकर परेशान कर रहे हैं। स्मार्ट मीटर के लगते ही अचानक सभी जगह बढ़े हुए बिजली के बिल आने लगे हैं। स्मार्ट मीटर की सबसे बड़ी समस्या यह है की नियत तिथि तक किसी कारण वश बिल ना जमा होने की स्थिति में बिजली ऑटोमैटिक बंद हो जाती है और ऑनलाइन भुगतान करने पर उसे दोबारा चालू होने में 24 घंटों का इंतज़ार करना पड़ता है।

ज्यादा आ रहे बिल 

उपभोक्ता को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं की मुख्य शिकायत यह है कि जब से ये स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं तब से पुराने मीटर के मुकाबले 50 प्रतिशत तक अधिक बिल आ रहे हैं जो की बिजली विभाग मनमाने ढंग से वसूल कर रहा है। इस अवसर पर दीपक दीवान, बाबर ख़ान, व्रजेन्द्र शुक्ला, अमित खत्री, संदीप सरवैया, प्रिंस नवांगे, तारिक अली, शानू ख़ान आदि मौजूद थे।

Sushma Bhardwaj
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews