रीवा में गर्भवती महिला की इलाज के अभाव में मौत, उमंग सिंघार ने बुनियादी सुविधाओं को लेकर सरकार को घेरा

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब स्वास्थ्य मंत्री के इलाके में ही स्वास्थ्य सेवाओं का ये हाल है तो बाकी प्रदेश की स्थिति की कल्पना की जा सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार के विकास के सारे दावों की असलियत इस घटना से सामने आ गई है।
Umang Singhar

रीवा में एक गर्भवती महिला की इलाज के अभाव में मृत्यु हो गई। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा है कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के गृह क्षेत्र में ये स्थिति है तो बाकी जगहों पर क्या हालात होंगे..अंदाज़ा लगाया जा सकता है।

बता दें कि हाल ही में भाजपा सांसद राजेश मिश्रा का एक बयान विवादों में घिरा रहा जिसमें उन्होंने एक गर्भवती महिला द्वारा  सड़क की मांग करने पर कहा था कि ‘डिलीवरी की डेट बता दो..उठवा लेंगे’। वहीं, अब एक अन्य गर्भवती महिला की समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने के कारण हुई मौत ने बुनियादी सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

समय पर इलाज न मिलने से गर्भवती महिला ने दम तोड़ा

रीवा की रहने वाली प्रिया रानी कोल आठ महीने की गर्भवती थी। उन्हें प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन उफनती महना नदी के कारण वाहन दो घंटे तक फंसा रहा। समय पर इलाज न मिलने के कारण गर्भवती महिला ने दम तोड़ दिया।परिजनों के मुताबिक प्रिया रानी अपनी दूसरी डिलीवरी के लिए मायके आई थी ताकि बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। लेकिन खराब सड़क और बाढ़ की स्थिति ने इस उम्मीद को धराशायी कर दिया। मृत्यु के बाद उनके शव को ससुराल ले जाने के लिए भी परिजनों को 40 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ा, क्योंकि वो सड़क भी खराब थी।

उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा

इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में आक्रोश है। वहीं कांग्रेस ने भी इस मामले पर प्रदेश सरकार से सवाल किए हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि जब स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र में ही स्वास्थ्य सेवा दम तोड़ दे, तो प्रदेश का क्या होगा। उन्होने कहा है कि ‘उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के गृह क्षेत्र में बाढ़ से घिरे भनिगवां गांव में एक गर्भवती बेटी ने इलाज के अभाव में दम तोड़ दिया। प्रसूता दर्द से कराहती रही, लेकिन न अस्पताल पहुंच सकी, न कोई मदद मिली। इससे पहले भी बीजेपी सांसद राजेश मिश्रा ने असंवेदनशील बयान दिया था।’ सिंघार ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में अगर एक महिला की मौत हो जाती है तो प्रदेश के बाकी स्थानों की बदइंतजामी का अंदाजा लगाया जा सकता है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews