राहुल गांधी ने जूते पहने, फूल फेंककर दी इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि, सीएम डॉ मोहन यादव बोले ये हमारे संस्कार नहीं, वीडी शर्मा ने कसा तंज

मुख्यमंत्री ने कहा भाजपा ने अपनी संस्कृति, अपने संस्कार और अपने काम से जनता के दिलों में जो जगह बनाई  है वो और किसी राजनीतिक दल ने नहीं बनाई इसलिए मध्य प्रदेश में किसी और सियासी दल की दाल नहीं गलेगी   
Rahul Gandhi Bhopal

मध्य प्रदेश कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की शुरुआत करने भोपाल पहुंचे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का दौरा शुरू होते ही विवादों में घिर गया है, पूर्व प्रधानमंत्री और अपनी दादी इंदिरा गांधी को राहुल गांधी ने जिस तरह श्रद्धांजलि दी वो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है, लोग इसे इंदिरा गांधी का अपमान बता रहे हैं उधर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी कहा कि ये हमारे संस्कार नहीं है।

राहुल गांधी आज भोपाल दौरे पर हैं वे मध्य प्रदेश के संगठन को मजबूत करने उसे पुनर्गठित करने के लिए चलाये जा रहे संगठन सृजन अभियान की शुरुआत करेंगे,  चार बैठकें लेंगे सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, पर्यवेक्षकों की सूची जारी करेंगे, पार्टी का मानना है कि राहुल का दौरा कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह पैदा करेगा।

राहुल गांधी के दौरे के बाद पार्टी में क्या बदलाव आयेगा वो तो समय बताएगा लेकिन उनकी मौजूदगी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई वो भी एक अलग कारण से, दर असल राहुल गांधी ने अपनी दादी इंदिरा गांधी को पुष्पांजलि दी, लेकिन उसके लिए जो तरीका अपनाया वो चर्चा का विषय बना हुआ है।

जूते नहीं उतारे, तस्वीर पर फेंके फूल ऐसे दी राहुल ने दादी को श्रद्धांजलि 

राहुल गांधी इंदिरा गांधी की तस्वीर की तरफ बढ़े उन्होंने जूते उतारे बिना ही दूर से ही तस्वीर के पास रखी गुलाब की पंखुड़ियों को उठाया और फिर तस्वीर के आगे फेंक दिया, राहुल गांधी का पुष्पांजलि देने का ये तरीका सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

पुष्पांजलि का ये तरीका  मुझे जचा नहीं ये हमारे संस्कार नहीं हैं : मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यदव ने मीडिया के सवाल पर कहा कि राहुल गांधी मध्य प्रदेश आये हैं वे नेता प्रतिपक्ष हैं उनका स्वागत है लेकिन उन्होंने अपनी दादी के चित्र पर जिस तरह पुष्पांजलि की वो मुझे जचा नहीं ये हमारे संस्कार नहीं हैं, उन्हें इसका ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि ये हमारी संस्कृति में संवेदना रहती है, वे आये अपना काम करें लेकिन उनके आने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।

जिसे अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा नहीं है, उसे कांग्रेस पीएम बनाने का सपना देख रही है: वीडी 

उधर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने राहुल गांधी का जूते पहनकर पुष्पांजलि अर्पित करते वीडियो सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा – राहुल गांधी ने जूते पहन व फूल फेंककर जिस तरह अपनी दादी इंदिरा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की,इससे उनकी सोच और संस्कार साफ नजर आ रहे हैं। जिसे अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा नहीं है, भारत की संस्कृति की जानकारी नहीं है, ऐसे व्यक्ति को कांग्रेस प्रधानमंत्री बनाने के सपने देख रही है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews