सज्जन सिंह वर्मा ने कहा ‘भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी नल जल योजना, शिवराज सरकार पर कमीशनखोरी का आरोप

सज्जन सिंह वर्मा ने कहा ‘भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी नल जल योजना, शिवराज सरकार पर कमीशनखोरी का आरोप

Sajjan Singh Verma alleges corruption in nal jal yojna : पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने प्रदेश में नल जल योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होने कहा कि पूरे प्रदेश में नल जल योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी और इसमें जमकर कमीशनखोरी हुई है। ट्वीट करते हुए उन्होने कहा कि ‘देवास जिले में नल जल योजना में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा! एक भी गांव में सुचारू रूप से नल जल योजना का लाभ नहीं मिल रहा। पाइप से लेकर मोटर सब घटिया क्वालिटी का लगाया जा रहा। लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं की’।

सज्जन सिंह वर्मा ने नल जल योजना के तहत चल रहे कार्यों को लेकर शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होने कहा कि देवास जिले में जहां जहां मैंने देखा, इस योजना के तहत किए जा रहे काम पूरी तरह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए हैं। मैं लूटूं मैं लूटूं की तर्ज पर भ्रष्टाचार चरम पर है। पाइप लाइन भी निम्न गुणवत्ता की लगाई जा रही है, साथ ही कई जगह मोटरें जलने के कारण योजना ठप पड़ी है। कांग्रेस नेता ने कहा कि देवास जैसे पूरे प्रदेश के हाल हैं। प्रदेश के ग्रामीण इस भीषण गर्मी के दौर में भी सिर्फ योजना के विज्ञापनों को देख रहे है लेकिन पानी को तरस गए है।

उन्होने कहा कि पाइप लाइन डालने के लिए जिन सड़कों को खोदा गया उसकी भी खुदाई 3 फीट की जगह 1 फीट कर ही लाइन डाल दी है। ऐसे में ये लाइने कैसे चलेंगी और कितने समय तक चलेंगी इसकी कोई गारंटी नहीं। पाइप लाइन डालने के चक्कर में सड़कें खोद दी गई और फिर उन्हें वापस ठीक नहीं किया गया। आज गांव गांव में गड्ढे खुदे पड़े हैं। आगे बरसात का मौसम आने वाला है और इन गड्ढों के कारण  ग्रामीणों का जीना दुश्वार हो जाएगा। लेकिन 50 पर्सेंट कमीशन वाली शिवराज सरकार को इन सब बातों से क्या लेना देना। सज्जन सिंह वर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार को तो सिर्फ अपने कमीश की चिंता है, इस सरकार में मंदिर से लेकर खेत खलिहान तक हर जगह सिर्फ भ्रष्टाचार ही नजर आता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता खुली आंखों से यह सब देख रही है और भाजपा को हर भ्रष्टाचार के सवाल के जवाब देना होगा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews