शिवराज ने जताया जनता का आभार, बोले “मैं मुख्यमंत्री का दावेदार ना पहले था ना आज हूँ”

MP Election 2023

MP Election 2023 Result : मध्य प्रदेश में सरकार की तस्वीर साफ होने के बाद अब मुख्यमंत्री पद की तस्वीर साफ होनी बाकी है। चर्चाओं में कई नाम हैं लेकिन इस बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज एक वीडियो बयान जारी कर चौंका दिया है, उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार जताते हुए कहा कि “मैं मुख्यमंत्री का दावेदार ना पहले कभी था और ना आज हूँ।”

शिवराज सरकार की लाड़ली बहना सहित कई अन्य योजनाओं की जीत में बड़ी भूमिका 

मध्य प्रदेश में जल्दी ही विधायक दल की बैठक होगी जिसमें भाजपा के निर्वाचित विधायक अपने नेता का चुनाव करेंगे और फिर पार्टी उसे मध्य प्रदेश का नया मुख्यमंत्री घोषित कर देगी। इस दौड़ में सबसे तेज नाम वर्तमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का है क्योंकि उनकी सरकार की लाड़ली बहना सहित कई अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं में भाजपा की बंपर जीत (163 सीट ) में महत्वपूर्व भूमिका निभाई है।

पीएम मोदी ने अपने नाम और गारंटी पर मांगा समर्थन  

हालाँकि पार्टी ने उनके चेहरे पर चुनाव नहीं लड़ा, उनकी जगह पीएम मोदी ने उन्हें देखकर वोट देने की अपील जनता से की और मोदी की गारंटी पर समर्थन माँगा।  इसलिए सम्भावना है कि पार्टी कोई बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लेकर किसी ऐसे चेहरे को सामने लेकर आये जिसके बारे में किसी न सोचा हो, खैर…

पार्टी जो काम देगी एक कार्यकर्ता के नाते उसे पूरा करूँगा : शिवराज  

इस बीच शिवराज सिंह चौहान ने आज एक वीडियो सन्देश जारी किया, उन्होंने इसमें कहा कि “मैं एक कार्यकर्ता हूँ, पार्टी ने जब जो काम दिया उस काम को मैंने पूरी प्रामाणिकता, ईमानदारी और जितना मुझमें सामर्थ्य था उसे झोंककर पूरा करने का प्रयास किया है। मैं मुख्यमंत्री का दावेदार न तो पहले कभी रहा और ना आज हूँ, मैं एक कार्यकर्ता के नाते पार्टी जो काम देगी उसे सदैव समर्पित भाव से, ईमानदारी और पूरे सामर्थ्य के साथ पूरा करूँगा,  मोदी जी हमारे नेता हैं उनके साथ काम करने में हमने हमेशा गर्व का, आनंद का अनुभव किया है, प्रदेश की जनता का एक बार फिर से आभार।”

[dgv_vimeo_video id=”891379494″]

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews