भोपाल के आकांक्षा आदिवासी छात्रावास में अव्यवस्थाओं का आरोप, उमंग सिंघार ने सरकार से किए सवाल

आदिवासी छात्राओं ने बुनियादी सुविधाओं के लिए प्रदर्शन किया और छात्रावास प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतों ने छात्रावास की व्यवस्थाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
Umang Singhar

मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भोपाल के आकांक्षा आदिवासी छात्रावास में छात्राओं को हो रही कथित परेशानियों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये का बजट होने के बावजूद आदिवासी छात्राओं को स्वच्छ भोजन, साफ पानी और बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि छात्रावास में व्याप्त अव्यवस्थाओं के विरोध में छात्राओं को धरने पर बैठना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि “हमें खोखले आश्वासन नहीं, छात्राओं के लिए स्वच्छ भोजन, साफ पानी, सुरक्षा और बेहतर मेडिकल सुविधाओं की ठोस गारंटी चाहिए।”

कांग्रेस ने सरकार को घेरा

उमंग सिंघार ने आकांक्षा आदिवासी छात्रावास के भोजन में कीड़े मिलने, गंदा पानी उपलब्ध होने और रसोई में साफ-सफाई की कमी के आरोप लगाए। उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर भी सवाल किए हैं। कांग्रेस नेता ने पूछा कि जब आदिवासी कल्याण और छात्राओं के विकास के लिए बजट का प्रावधान किया जाता है तो फिर छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को आवश्यक सुविधाओं के लिए विरोध क्यों करना पड़ रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य और भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। उन्होंने सरकार से सिर्फ आश्वासन देने की बजाय स्वच्छ भोजन, पीने के साफ पानी, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने की ठोस गारंटी देने को कहा।

छात्राओं का विरोध प्रदर्शन 

भोपाल के कटारा हिल्स स्थित आकांक्षा आदिवासी छात्रावास में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता, खाने में कीड़े मिलने, पीने के लिए साफ पानी उपलब्ध नहीं होने और रसोई में गंदगी जैसी समस्याएं पर अपना विरोध जताया। इसके अलावा छात्रावास में सुरक्षा व्यवस्था और मेडिकल सुविधाओं की उपलब्धता पर भी सवाल उठाए हैं। छात्राओं ने छात्रावास में स्वच्छ भोजन, साफ पेयजल, बेहतर साफ-सफाई और स्वास्थ्य व सुरक्षा संबंधी सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews