उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना पर किए सवाल, गरीब महिलाओं के नाम पर फर्जी ऋण निकालने का आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब महिलाओं के नाम पर लाखों रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए लेकिन वास्तविक हितग्राहियों को राशि नहीं मिली। कांग्रेस नेता ने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, इसमें शामिल बैंक अधिकारियों और दलालों पर कार्रवाई करने और निर्दोष परिवारों को कर्ज के बोझ से मुक्त करने की मांग की है।
Umang Singhar

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ग्वालियर से सामने आए कथित फर्जी लोन मामले को गंभीर बताते हुए आरोप लगाया कि गरीब महिलाओं के नाम पर लाखों रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए, लेकिन वास्तविक लाभार्थियों तक राशि नहीं पहुंची।

कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया पोस्ट कर सरकार से पूछा कि गरीब महिलाओं के नाम पर निकाले गए कर्ज की राशि की जांच क्यों नहीं की गई और इस मामले में कथित रूप से शामिल बैंक अधिकारियों, दलालों और अन्य जिम्मेदार लोगों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की है।

गरीबों को आत्मनिर्भर बनाने की योजना पर उठे सवाल

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना मध्यप्रदेश सरकार की स्वरोजगार प्रोत्साहन योजना है, जिसका उद्देश्य युवाओं और पात्र हितग्राहियों को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराना है। योजना के तहत सरकार की ओर से ऋण पर सब्सिडी और ब्याज सहायता जैसी सुविधाएं दी जाती हैं, ताकि छोटे कारोबार शुरू किए जा सकें।

हालांकि, ग्वालियर में सामने आए कथित मामले ने योजना के क्रियान्वयन और बैंकिंग प्रक्रिया की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि कुछ लोगों के नाम पर ऋण स्वीकृत हुए, लेकिन उन्हें राशि का लाभ नहीं मिला और बाद में बैंक की ओर से रिकवरी नोटिस भेजे गए।

कांग्रेस का आरोप “योजना बनी कर्ज का बोझ”

उमंग सिंघार ने इस मामले में तंज कसते हुए मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना को “कर्ज़ क्रांति योजना” बताया है। उन्होंने कहा कि जिस योजना का उद्देश्य गरीबों को आत्मनिर्भर बनाना था, उसमें यदि फर्जी तरीके से लोगों को कर्जदार बनाया जा रहा है तो यह गंभीर प्रशासनिक लापरवाही है। उन्होंने मांग की है कि जिन परिवारों के नाम पर गलत तरीके से ऋण चढ़ाया गया है, उन्हें तत्काल राहत दी जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस नेता ने कहा कि “गरीबों के अधिकारों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।”

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews