संपादक के घर धावा बोलकर बीस लाख की चोरी, कैमरे तक उखाड़ ले गए बदमाश

संपादक के घर धावा बोलकर बीस लाख की चोरी, कैमरे तक उखाड़ ले गए बदमाश

भोपाल। अयोध्या नगर इलाके में समाचार पत्र के संपादक के घर पर धावा बोलकर बदमाश 45 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी समेत 20 लाख का माल बटोरकर ले गए। इतना ही नहीं चोर सीसीटीवी कैमरे तक उखाड़कर ले गए। जिससे उनकी पहचान तक नहीं हो सकी। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक मकान नंबर-406, अयोध्या नगर में रहने वाले देवेश कल्याणी समाचार पत्र में संपादक है। गत दिवस वह अपने परिवार के साथ उज्जैन गए थे। जहां से वह कल देर रात अपने घर लौटे तो देखा कि घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे उखड़े हुए थे। अंदर जाकर देखा तो घर का पूरा सामान बिखरा हुआ है। अलमारी में देखा तो पाया कि उसमें उसे 45 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी, नकदी एक लाख रुपए समेत करीब बीस लाख रुपए का सामान गायब था। चोरी होने की खबर लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी, जहां पुलिस एफएसएल टीम के साथ निरीक्षण भी किया, लेकिन पुलिस को सफलता हाथ नहीं लग सकी।

पुलिस की कमजोर गश्त का असर

जहां वारदात हुई है, वह थाने से कुछ मीटर दूर पर स्थित है। इसके बावजूद भी चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर चले गए। चोरी के इस मामले में पुलिस सीधे तौर पर जिम्मेदार है। पुलिस सही तरीके से रात्रि गश्त करते तो, वारदात नहीं होती। हालांकि पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने की बात कह रही है। पुलिस का अनुमान है कि दिन में रैकी करने के बाद ही चोरी की गई है।

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews