जिंदगी बचाने वाला योद्धा हार गया कोरोना से जंग, 26 साल के डॉ शुभम उपाध्याय का इलाज के दौरान निधन

जिंदगी बचाने वाला योद्धा हार गया कोरोना से जंग, 26 साल के डॉ शुभम उपाध्याय का इलाज के दौरान निधन

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट| कोरोना मरीजों का इलाज करते हुए कोरोना महामारी की चपेट में आए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर शुभम उपाध्याय (Dr. Shubham Upadhyay) बुधवार को जिंदगी की जंग हार गए| इलाज के दौरान उन्होंने भोपाल के चिरायु अस्पताल (Chirayu Hospital) में दम तोड़ दिया| उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी, शिवराज सरकार ने उनके इलाज के लिए लगभग एक करोड़ रूपए सहायता देने की घोषणा की थी लेकिन इससे पहले ही शुभम की मौत हो गई। डॉ उपाध्याय के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) ने ट्वीट कर दुख जताया है| उन्होंने कहा कि डॉ शुभम ने समाज की सेवा का अद्भुत और अनुपम उदाहरण पेश किया।

सागर के 26 वर्षीय डॉक्टर शुभम उपाध्याय की बुधवार को कोरोना से मौत हो गई| कोरोना मरीजों का इलाज करते हुए वे 28 अक्टूबर को कोरोना पॉजिटिव हो गए। चार दिन तक सागर में ही उनका उपचार किया गया। इसके बाद भोपाल लाया गया। यहां उनका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ता चला गया। वहीं उनके इलाज के लिए बेहतर व्यवस्था की मांग सरकार से की जाने लगी| जिसके बाद मध्यप्रदेश सरकार ने उनके इलाज के लिए पूरा खर्च लगभग एक करोड़ वहन करने की घोषणा भी की| लेकिन उनके दोनों फेफड़े 90% से ज्यादा खराब हो चुके थे। उन्हें चेन्नई ले जाना था लेकिन इसके पहले ही उन्होंने चिरायु अस्पताल भोपाल में दम तोड़ दिया।

समाज की सेवा का अद्भुत और अनुपम उदाहरण पेश किया
मुख्यमंत्री शिवराज ने ट्वीट कर लिखा -मन पीड़ा और दुःख से भरा हुआ है। हमारे जाँबाज कोरोना वारियर डॉ. शुभम कुमार उपाध्याय, जो निःस्वार्थ भाव से दिन और रात एक कर कोविड पीड़ितों की सेवा करते हुए संक्रमित हुए थे, उन्होंने आज अपने प्राण न्यौछावर कर दिये। समाज की सेवा का अद्भुत और अनुपम उदाहरण डॉ. शुभम ने पेश किया।

पूरे प्रदेश को डॉ उपाध्याय पर गर्व
सीएम ने आगे लिखा-डॉक्टर बनते समय उन्हें जो शपथ दिलाई जाती है, उसका एक-एक अक्षर डॉ. शुभम ने सार्थक कर दिखाया। उन्होंने देश का एक सच्चा नागरिक होने का परिचय दिया। मैं ऐसे भारत माँ के सपूत के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूँ और ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि वे दिवंगत आत्मा को शांति दें। मुझे और पूरे मध्यप्रदेश को उन पर गर्व है। हमारी संवेदनाएँ उनके परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें यह वज्रपात सहने की क्षमता प्रदान करें। मैं और प्रदेश सरकार, डॉ. शुभम उपाध्याय के परिवार के साथ खड़ी है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews