
AI Generated Image
स्वयं पोर्टल शिक्षा मंत्रालय की एक विशेष पहल है। यह एक फ्री ऑनलाइन एजुकेशन पोर्टल है, जिस पर अलग-अलग संस्थान कई क्षेत्रों से संबंधित पाठ्यक्रम ऑफर करते हैं। हाल ही में स्वयं पोर्टल पर विज्ञापन से संबंधित पांच कोर्स (Advertising Free Courses) लॉन्च किए गए हैं, जिसका लाभ छात्र बिना किसी फीस उठा सकते हैं। इसके लिए केवल उन्हें केवल SWAYAM पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। जिसके लिए किसी प्रकार की फीस नहीं लगती।
पाठ्यक्रमों की लिस्ट में “एडवरटाइजिंग एंड ब्रांड मैनेजमेंट”, “एडवरटाइजिंग एंड पब्लिक रिलेशंस”, “एडवरटाइजिंग एंड सेल्स”, “इंट्रोडक्शन टू एडवरटाइजिंग” और “एडवरटाइजिंग एंड पब्लिक रिलेशन्स” शामिल हैं। सभी की अवधि 8 से लेकर 12 सप्ताह के बीच है। पाठ्यक्रमों के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख नजदीक है। यदि आप भी विज्ञापन क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं तो इन्हें निर्धारित समय के भीतर ऑफिशियल वेबसाइट https://swayam.gov.in/ पर जाकर ज्वाइन कर सकते हैं।
आईआईएम बेंगलुरू ऑफर कर रहा दो कोर्स
इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट, बेंगलुरू एडवरटाइजिंग से संबंधित दो पाठ्यक्रम ऑफर कर रहा है:- एडवरटाइजिंग एंड पब्लिक रिलेशंस और एडवरटाइजिंग एंड सेल्स। दोनों ही पाठ्यक्रमों के लिए 31 अगस्त तक एनरोलमेंट किया जा सकता है। दिसंबर में परीक्षा आयोजित की जाएगी, इसमें वे छात्र शामिल हो सकते हैं जिन्हें सर्टिफिकेट चाहिए।
एडवरटाइजिंग एंड पब्लिक रिलेशंस की अवधि 8 सप्ताह है। इसके कोर्स को-आर्डिनेटर एमिटी यूनिवर्सिटी ग्वालियर के प्रोफेसर डॉ आदित्य कुमार शुक्ला हैं। यह कोर्स इंग्लिश मध्यम में उपलब्ध है। यह मार्केटिंग कैटेगरी में शामिल पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम है। वहीं “एडवरटाइजिंग एंड सेल्स” के कोर्स को-ऑर्डिनेट की मणिपाल यूनिवर्सिटी जयपुर की प्रोफेसर डॉ भारती सिंह है। इसे पूरा करने में 10 सप्ताह का समय लगता है। यह पोस्ट ग्रेजुएट स्तर का एक प्रोग्राम है, जिसे यूजी/पीजी स्टूडेंट्स ज्वाइन कर सकते हैं।
CEC के दो फ्री कोर्स
कंसोर्टियम ऑफ़ एजुकेशनल कम्युनिकेशन, नई दिल्ली भी एडवरटाइजिंग से संबंधित दो कोर्स ऑफर कर रहा है- एडवरटाइजिंग एंड ब्रांड मैनेजमेंट और इंट्रोडक्शन टू एडवरटाइजिंग। इन्हें 12 सप्ताह में पूरा किया जा सकता है। सर्टिफिकेट परीक्षा 11 से 13 दिसंबर के बीच आयोजित की जाएगी। स्टूडेंट से 31 अगस्त तक एनरोलमेंट कर सकते हैं।
इंट्रोडक्शन टू एडवरटाइजिंग के कोर्स कोआर्डिनेटर डीएवीवी इंदौर के एजुकेशनल मल्टीमीडिया रिसर्च सेंटर के प्रोफेसर डॉ नारायण पाटीदार है। यह एक तीन क्रेडिट पॉइंट का अंडरग्रेजुएट लेवल प्रोग्राम है, जो इंग्लिश मध्यम में उपलब्ध है। इस पाठ्यक्रम में पीआर कैंपेन प्लानिंग, प्रिंट मीडिया मीडिया स्ट्रेटजी, विज्ञापन का इतिहास और अन्य कई विषयों के बारे में पढ़ाया जाएगा।
एडवरटाइजिंग एंड ब्रांड मैनेजमेंट भी एक अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम, जो इंग्लिश मध्यम में उपलब्ध है। यह कोर्स मुख्य रूप से छात्रों को बदलते व्यावसायिक परिदृश्य में विज्ञापन और ब्रांड मैनेजमेंट की बुनियादी समझ पर केंद्रित है। इसमें छात्रों को एक सफल विज्ञापन कार्यक्रम की योजना और क्रियान्वयन की प्रकृति, उद्देश्य और जटिल संरचनाओं के बारे में पढ़ाया जाएगा। साथ ही प्रतिस्पर्धी बाजारों में कार्यरत फ़र्मों द्वारा सामना किया जाने वाले ब्रांड मैनेजमेंट से संबंधित मुद्दों से अवगत कराया जाएगा।
इग्नू का फ्री कोर्स
इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी भी स्वयं पोर्टल पर एडवरटाइजिंग एंड पब्लिक रिलेशंस नाम का पाठ्यक्रम ऑफर कर रहा है। यह एक पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम है, जिसके लिए एनरोलमेंट की तारीख 15 सितंबर है। इसकी परीक्षा 12 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। 15 नवंबर को यह कोर्स खत्म होने वाला है।

