CG Weather : मौसम में बदलाव जारी, इन जिलों में 14 जून तक बारिश के संकेत, 20 जून के बाद मानसून की दस्तक, जानें IMD का पूर्वानुमान

CG weather

CG Weather Alert Today : छत्तीसगढ़ में आज रविवार देर शाम तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में वज्रपात और गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। खास करके दक्षिण और उत्तरी छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव का असर दिखेगा और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी मौसम का मिजाज बदल सकता है।वही 15 जून के बाद मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। उम्मीद है कि 21 जून को मानसून जगदलपुर में और 24 जून को रायपुर में प्रवेश करेगा।

छत्तीसगढ़ मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बालौद में 14 जून से प्री मानसून की बारिश शुरू हो सकती है और 20 जून के बाद मानसून कभी भी दस्तक दे सकता है। बस्तर में 12 जून से बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।वही अगले 48 घंटे में प्रदेश के 10 जिलों बालोद ,बस्तर, बिलासपुर, बीजापुर, दुर्ग, दंतेवाड़ा, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, सुकमा में तेज हवा चलने व आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

14 तक इन जिलों में बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ मौसम विभाग की मानें तो आने वाले चार दिनों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश होगी और बिजली भी चमकेगी। दुर्ग संभाग के मुख्यालय दुर्ग जिले में 12 से 14 तक कुछ स्थानों और रायपुर में 12 से 14 तक एक-दो स्थानों पर बारिश के संकेत हैं। गरियाबंद और धमतरी में भी 13-14 को बारिश का अनुमान है।वही बिलासपुर और सरगुजा संभाग में चार-पांच दिन सूखा रहेगा।

क्या कहता है मौसम विभाग का पूर्वानुमान

छत्तीसगढ़ मौसम विभाग के अनुसार, एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इस वजह से मौसम में उतार-चढ़ाव हो रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 11 जून को एक-दो स्थान पर हल्की बारिश होने या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की संभावना है।इस वर्ष केरल में मानसून आठ दिन देरी से पहुंचा था, इसे देखते हुए छत्‍तीसगढ़ में भी मानसून भी देरी से आने की संभावना है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews