
तृप्ति डिमरी का नाम आजकल हर किसी की जुबान पर है, जिन्होंने एनिमल फिल्म के बाद रातोंरात स्टारडम हासिल कर लिया था। उनकी मासूमियत भरी अदाएं, दमदार अभिनय और स्क्रीन पर सादगी भरे किरदार ने फैंस के दिलों में अलग ही जगह बनाई है। तभी से ये एक्ट्रेस सबकी आंखों का तारा बन गई हैं। उनके पास अब बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स की लाइन लगी है। इसके अलावा, वह हमेशा ही सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती हैं। वहीं, काफी दिनों से ये गॉसिप चल रही थी कि तृप्ति शायद अब वेटरन एक्ट्रेस परवीन बाबी की बायोपिक करने वाली हैं।
परवीन बाबी का नाम सुनते ही दिमाग में उनकी खूबसूरती, स्टाइल और उनकी दर्दभरी कहानी आ जाती है। उनकी लाइफ किसी फ़िल्मी कहानी से कम नहीं थी। इस रोल को करना किसी भी एक्ट्रेस के लिए बहुत बड़ी बात होगी।
धुरंधर में तृप्ति का नया अवतार
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सुपरस्टार रणवीर सिंह की अपकमिंग फिल्म धुरंधर में तृप्ति डिमरी परवीन बाबी का किरदार निभाने जा रही हैं। दिलचस्प बात यह है कि यह रोल एक कैमियो के रूप में होगा, लेकिन फिल्म की कहानी में इसका महत्व बेहद खास बताया जा रहा है। फिल्म 70 और 80 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित है। वह दौर जब परवीन बाबी अपनी खूबसूरती, ग्लैमर और अदाकारी के दम पर पूरे बॉलीवुड पर राज कर रही थीं। मेकर्स ने तय किया है कि दिवाली पर फैंस को इस फिल्म से जुड़ा बड़ा तोहफा दिया जाएगा।
View this post on Instagram
सूत्रों की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का पहला गाना उसी मौके पर रिलीज होगा। इस गाने में तृप्ति डिमरी परवीन बाबी की भूमिका में नजर आएंगी। दर्शकों को परदे पर एक बार फिर उस दौर की झलक देखने को मिलेगी, जब परवीन बाबी स्टाइल और ग्लैमर की मिसाल मानी जाती थीं।
क्यों चुनी गई परवीन बाबी की झलक?
निर्माताओं के मुताबिक, धुरंधर की कहानी एक स्पाई थ्रिलर है, जिसमें 70-80 के दशक का माहौल और बॉलीवुड के कुछ असली किरदारों की छवि शामिल की गई है। उस जमाने में परवीन बाबी सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी स्टारडम हासिल कर चुकी थीं। उनकी फैन फॉलोइंग सीमाओं से परे थी। वे बॉलीवुड की सबसे ग्लैमरस एक्ट्रेस के रूप में जानी जाती थीं। वहीं, तृप्ति डिमरी को इस रोल के लिए चुनना अपने आप में खास है। उनकी मासूमियत और गहराई भरा अभिनय परवीन बाबी के करिश्मे से अलग जरूर है, लेकिन यही कॉन्ट्रास्ट दर्शकों को लुभा सकता है।
इस दिन होगी रिलीज
धुरंधर का निर्देशन आदित्य धर कर रहे हैं, जिनकी पिछली फिल्मों ने ऑडियंस का भरोसा जीता है। फिल्म का टीजर पहले ही रिलीज हो चुका है। रणवीर सिंह इस फिल्म में एक जासूस के किरदार में नजर आएंगे, जो उस दौर की राजनीति, रहस्यों और ग्लैमर की दुनिया से टकराता है। ऐसे में परवीन बाबी जैसे आइकॉनिक किरदार का फिल्म में शामिल होना कहानी को और रोचक बना देता है। फिल्म 5 दिसंबर 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। रणवीर सिंह की फिल्में वैसे ही हमेशा चर्चा में रहती हैं, और इस बार तृप्ति डिमरी की एंट्री ने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

