दिवाली पर इन 2 एक्ट्रर्स की हो गई थी अनबन, तो अमिताभ बच्चन का जल गया था हाथ, पढें बॉलीवुड के दिलचस्प किस्से

दिवाली पर बॉलीवुड में कई दिलचस्प किस्से जुड़े हैं। 1984 में पटाखे जलाते वक्त अमिताभ बच्चन का हाथ जल गया था, लेकिन उन्होंने शूटिंग नहीं रोकी। वहीं, 2012 में दिवाली पर शाहरुख खान की जब तक है जान और अजय देवगन की सन ऑफ सरदार के बीच जबरदस्त बॉक्स ऑफिस क्लैश हुआ था।
Diwali ai

आज देशभर में दिवाली मनाई जा रही है। घर-घर में दीयों की चमक है, मिठाइयों की खुशबू हवा में घुली है और आसमान पटाखों की गूंज से गूंज रहा है। हर कोई इस रोशनी के त्योहार को अपने तरीके से मना रहा है। बॉलीवुड के सितारे भी पीछे नहीं हैं। किसी के घर पर भव्य पार्टी है, तो कोई परिवार के साथ पारंपरिक अंदाज में जश्न मना रहा है, लेकिन इस दिवाली से जुड़ी कुछ पुरानी कहानियां ऐसी भी हैं, जो सुनकर लोग आज भी हैरान रह जाते हैं।

एक किस्सा तो खुद सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से जुड़ा है, जब दिवाली पर उन्होंने अपना हाथ जला लिया था। दूसरा उस वक्त का है, जब दिवाली के मौके पर बॉलीवुड के दो बड़े सितारे शाहरुख खान और अजय देवगन आमने-सामने आ गए थे।

एबी का जल गया था हाथ

साल 1984 में अमिताभ बच्चन अपने करियर के सुनहरे दौर में थे। एक तरफ शराबी की शूटिंग चल रही थी, वहीं दूसरी ओर इंकलाब का काम भी जोरों पर था। दिवाली का वक्त आया तो बिग बी ने सेट से थोड़ा वक्त निकालकर त्योहार पूरे जोश से मनाने का फैसला किया। पटाखे, दीये, मिठाइयां सब कुछ तैयार था, लेकिन इस जश्न के बीच अचानक एक हादसा हो गया। पटाखे जलाते समय अमिताभ का हाथ बुरी तरह झुलस गया। शूटिंग पर जब वो पहुंचे, तो हाथ पर पट्टी बंधी हुई थी। निर्देशक प्रकाश मेहरा ने देखा तो बोले, “अमित जी, हाथ को जेब में रख लीजिए, इससे कैमरे में चोट दिखेगी नहीं।” अमिताभ ने वही किया। उन्होंने पूरा सीन हाथ जेब में डालकर शूट किया। बता दें कि उनका वही स्टाइल उनका सिग्नेचर बन गया! कोट पहने, जेब में हाथ डाले अमिताभ का अंदाज लोगों को इतना पसंद आया कि शराबी में उनका यह लुक आइकॉनिक बन गया।

इसी तरह इंकलाब की शूटिंग के दौरान उन्होंने अपने जले हुए हाथ को रुमाल से लपेट लिया और उसी रूप में शूटिंग की। बाद में उन्होंने खुद अपने ब्लॉग में लिखा था कि काम जारी रहा। हाथ जला, पट्टी लगी, लेकिन शूटिंग नहीं रुकी। स्टाइल के लिए रुमाल बांधा और वही स्क्रीन पर हिट हो गया।
करीब दो महीनों तक उन्हें इस चोट से जूझना पड़ा, लेकिन उन्होंने शूटिंग नहीं छोड़ी। यही उनका प्रोफेशनलिज्म था।

दिवाली पर भिड़े दो सुपरस्टार

अब बात उस दिवाली की जब बॉलीवुड के दो बड़े सुपरस्टार्स शाहरुख खान और अजय देवगन के बीच पटाखा क्लैश हुआ था। साल 2012 में दिवाली के मौके पर दोनों की फिल्में एक ही दिन रिलीज हुईं। शाहरुख खान की जब तक है जान और अजय देवगन की सन ऑफ सरदार व दोनों ही बड़े बजट की फिल्में थीं और दोनों की उम्मीदें आसमान पर थीं, लेकिन रिलीज के वक्त माहौल जंग जैसा हो गया। कहा गया कि यशराज फिल्म्स (YRF) ने शाहरुख की फिल्म को ज्यादा स्क्रीन दीं, जबकि अजय की फिल्म को सीमित जगह मिली। इस बात से अजय देवगन नाराज हो गए। उन्होंने यहां तक कह दिया कि YRF ने अनफेयर प्ले किया है। मामला इतना बढ़ा कि अजय ने यशराज फिल्म्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तक कर दी।

मीडिया में खबरें उड़ीं कि शाहरुख और अजय के बीच अब कड़वाहट बढ़ गई है। हालांकि, शाहरुख खान ने साफ कहा, “हमारे बीच कोई झगड़ा नहीं है। ये लड़ाई प्रोड्यूसर और प्रोडक्शन हाउस के बीच की है, लेकिन अजय ने इसका अलग ही जवाब दिया। उन्होंने कहा कि शाहरुख खुद भी जब तक है जान के प्रोड्यूसर हैं। अगर यशराज कुछ गलत कर रहा था, तो उन्हें आगे बढ़कर बोलना चाहिए था। वहीं, इस विवाद के बीच काजोल भी फंस गईं थी, जो शाहरुख की अच्छी दोस्त हैं और अजय की पत्नी है। हालांकि, उस समय बॉलीवुड में चर्चा थी कि यह ‘कोल्ड वॉर’ कई सालों तक चली।

Sanjucta Pandit
लेखक के बारे में
Sanjucta Pandit

सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

मैं संयुक्ता पंडित वर्ष 2022 से MP Breaking में बतौर सीनियर कंटेंट राइटर काम कर रही हूँ। डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन और बीए की पढ़ाई करने के बाद से ही मुझे पत्रकार बनना था। जिसके लिए मैं लगातार मध्य प्रदेश की ऑनलाइन वेब साइट्स लाइव इंडिया, VIP News Channel, Khabar Bharat में काम किया है। पत्रकारिता लोकतंत्र का अघोषित चौथा स्तंभ माना जाता है। जिसका मुख्य काम है लोगों की बात को सरकार तक पहुंचाना। इसलिए मैं पिछले 5 सालों से इस क्षेत्र में कार्य कर रही हुं। View all posts by Sanjucta Pandit →
Follow Us :GoogleNews