सीएम डॉ. मोहन यादव ने सभी कलेक्टर को दिए निर्देश ‘बाढ़ के हालात से निपटने के लिए रहें तैयार’, अधिकारी 24 घंटे में देंगे ज़िलों की प्राथमिक रिपोर्ट

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली बेसमेंट हादसे से सबक लेते हुए सभी ज़िलों के कलेक्टर, एसपी और अन्य अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा है। तेज़ बारिश को देखते हुए ज़िलों में पुलिस और सिविल अधिकारियों की टीम चौबीस घंटे कंट्रोल रूम बनाकर स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल में किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसे लेकर सभी प्रबंध किए जा रहे हैं।
MP Cabinet

MP News : सीएम डॉ. मोहन यादव ने रविवार देर रात दिल्ली से लौटने के बाद भोपाल स्थित राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र में बाढ़ नियंत्रण कक्ष के कंट्रोल रूम का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदेश के कई क्षेत्रों में अति वर्षा से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति जानने के लिए आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों की समीक्षा भी की। इस दौरान मुख्य सचिव म. प्र, पुलिस महानिदेशक, होमगार्ड महानिदेशक, पुलिस कमिश्नर, कलेक्टर भोपाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

सीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में कुछ बाढ़ प्रभावित जिलों के कलेक्टरों से फोन पर बातचीत की और सभी को निर्देशित किया कि जिला प्रशासन और राज्य आपदा केंद्र के बीच समन्वय रहे जिससे कोई भी विषम परिस्थिति न बन सके। मुख्यमंत्री ने इस बारे में मीडिया से बात करते हुए कहा कि ‘मैंने बीती रात वल्लभ भवन स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्रदेश में भारी बारिश से बाढ़ और जलभराव की स्थिति की जानकारी प्राप्त की और अधिक वर्षा वाले जिलों के लिए विभिन्न प्रबंधन के संबंध में चर्चा कर स्थिति पर निरंतर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।’ उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जब भी बांधों से पानी छोड़ें तो प्रभावित होने वाले जिलों को पहले अलर्ट करें। तैराक दल भी ऐसे स्थानों पर उपलब्ध रहें। लोक निर्माण विभाग ऐसे पुल-पुलियों की जानकारी संकलित करे, जहां दुर्घटनाएं पूर्व में हुई हैं, ऐसे रपटे और पुल पर सुरक्षा व्यवस्था हो। पानी का भराव हो तो लोगों को न जाने दें।

अधिकारी 24 घंटे में देंगे प्राथमिक रिपोर्ट

सीएम मोहन यादव ने कहा कि ‘पूरे प्रदेश में वर्षा हो रही है। नदियों में बड़े बड़े डैम बने हुए हैं और बारिश के पानी का अच्छा संग्रहण हो रहा है। लेकिन ऐसे में कोई घटना न घटे, किसी तरह की जनहानि न हो ये बात ध्यान रखी जा रही है। दिल्ली में बेसमेंट में जिस तरह की घटना हुई है उससे सबक लेते हुए अपने प्रदेश में सभी जिला कलेक्टर, एसपी और सभी को निर्देश जारी किए हैं कि वर्षा के मौसम में किसी तरह की लापरवाही न हो। सभी अधिकारी चौबीस घंटे के अंदर अपने अपने ज़िले की प्राथमिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने वाले हैं और वर्षाकाल चाकचौबंद निकले इसका प्रबंधन भी कर रहे हैं। पुलिस और सिविल दोनों अधिकारियों की टीम चौबीस घंटे कंट्रोल रूम बनाकर वॉच कर रहे हैं।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews