
schools winter vacation 2022: दिल्ली के स्कूली छात्रों के लिए खुशखबरी है। स्कूल शिक्षा विभाग, दिल्ली ने शीतकालीन छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। राज्य के सभी स्कूलों में 1 जनवरी से 15 जनवरी 2023 तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। इसके साथ ही रेमेडियल क्लास के लिए भी निर्देश दिए गए है। इस संबंध में शिक्षा निदेशालय की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।
इसमें कहा गया है कि दिल्ली के सभी सरकारी स्कूल 1 जनवरी से 15 जनवरी 2023 तक विंटर वेकेशन के तहत बंद रहेंगे। वहीं 9 से 12वीं कक्षा के लिए 2 जनवरी से 14 जनवरी तक रेमेडियल क्लास लगेंगी। इन कक्षाओं का मकसद सिलेबस का रिवीजन और स्टूडेंट्स की लर्निंग स्किल को बढ़ाना है, रेमेडियल क्लास के दौरान स्टूडेंट्स को सब्जेक्ट के बेसिक कॉन्सेप्ट को समझाया जाएगा।
स्कूल में जगह की कमी होने पर इवनिंग शिफ्ट के स्कूल संचालक संबंधित शिक्षा उप निदेशक (DDE) से परामर्श कर सकते हैं और शाम के समय का विकल्प चुन सकते हैं।बता दे कि रेमेडियल क्लास को एक्सट्रा क्लास भी कहा जाता है और इसमें बच्चों के रिवीजन पर जोर दिया जाता है। शिक्षा निदेशालय के इस सर्कुलर में रेमेडियल क्लास का टाइम टेबल भी अदेशित किया गया है।
ऐसी लगेंगी कक्षाएं
शिक्षा निदेशालय के मुताबिक, सुबह की पाली के स्कूलों में यह कक्षाएं सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12:50 बजे तक लगेंगी, जबकि शाम की पाली वाले स्कूलों में दोपहर 1:30 बजे से शाम 5:50 तक कक्षाएं लगेंगी। नौवीं व 10वीं की कक्षाओं के लिए अंग्रेजी, विज्ञान, गणित विषय को अनिवार्य रूप से पढ़ाया जाएगा। स्कूलों को इन कक्षाओं को प्रतिदिन 1 घंटे लगाना होगा। इन कक्षाओं के विषय में अभिभावकों के संज्ञान में भी लाना होगा, जिससे कि सभी बच्चे कक्षाओं में उपस्थित हों। स्कूल प्रमुखों को सुनिश्चित करना होगा कि सभी छात्र इन कक्षाओं में उपस्थित रहें।
कॉलेजों में भी शीतकालीन अवकाश घोषित
स्कूलों के बाद अब जम्मू और कश्मीर संभाग के सभी कॉलेजों के लिए शीतकालीन अवकाश की घोषणा कर दी गई है। केंद्र शासित प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने छुट्टियों को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार, जम्मू संभाग के समर जोन के राजकीय डिग्री कॉलेजों में 1 जनवरी 2023 से 10 जनवरी 2023 तक छुट्टियां रहेंगी। जम्मू संभाग के विंटर जोन के कॉलेज 27 दिसंबर 2022 से 14 फरवरी 2023 और कश्मीर संभाग के कॉलेजों में 27 दिसंबर 2022 से 14 फरवरी 2023 तक शीतकालीन अवकाश रहेगा।


12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

