
Madhya Pradesh Congress Executive dissolved : मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है। इस बात की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी प्रभारी और सह प्रभारी अग्रिम आदेश तक अपना काम करते रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष बदलने के बाद अब ये कांग्रेस की दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में हार के बाद बड़ा फैसला
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में करारी हार के बाद कांग्रेस लगातार मंथन और चिंतन करने की बात करती आ रही है। इससे पहले कमलनाथ की जगह जीतू पटवारी को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जा चुका है, वहीं उमंग सिंघार को नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी जितेंद्र सिंह भोपाल पहुंचे और प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस ज़िला अध्यक्षों एवं ज़िला प्रभारियों की बैठक हुई। इस बैठक में जितेंद्र सिंह, दिग्विजय सिंह, उमंग सिंघार, सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव, CWC सदस्य कमलेश्वर पटेल, CEC सदस्य ओमकार मरकाम, पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह जी उपनेता हेमंत कटारे सहित कई नेता शामिल हुए।
अगले आदेश तक काम करते रहेंगे पदाधिकारी
बैठक के बाद जितेंद्र सिंह ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने निर्णय लिया है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारियों को भंग किया जाता है और जिले के प्रभारी व सह प्रभारी अग्रिम आदेश तक अपना काम करेंगे। इसके बाद साफ हो गया है कि अब प्रदेश में कांग्रेस की नई टीम का गठन होगा। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि वर्तमान दौर संघर्ष और चुनौती भरा है, लेकिन असंभव कुछ नहीं है। हम समर्पण भाव से “मैं नहीं हम” को सर्वोपरि मानकर एकजुटता के साथ काम करेंगे। उन्होने कहा कि ‘आप लोगों से मुझे बहुत कुछ सीखना है और ये जिम्मेदारी मुझे उस दौर में मिली है जो संघर्ष का दौर है।’ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 25 साल से कांग्रेस कार्यकर्ता, वार्ड बूथ अध्यक्ष से लेकर अलग अलग जिम्मेदारी निभाते हुए एक निष्ठावान कांग्रेसी के रुप में काम किया है और ये भावना हमेशा रही है कि मैं की बजाय हम सब मिलकर आगे की यात्रा करेंगे। उन्होने कहा कि हम सब मिलकर सभी चुनौतियों का सामना करेंगे और कांग्रेस के मूल विचार के साथ लड़ेंगे और जीतेंगे।
[dgv_vimeo_video id=”897883391″]
वर्तमान दौर संघर्ष और चुनौती भरा है, लेकिन असंभव कुछ नहीं है। हम समर्पण भाव से “मैं नहीं हम” को सर्वोपरि मानकर एकजुटता के साथ काम करेंगे।
— जीतू पटवारी pic.twitter.com/oMquRzl10i
— MP Congress (@INCMP) December 26, 2023
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

