सीएम मोहन यादव ने किया सरकारी स्कूलों में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ, बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए दी शुभकामनाएं

इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे श्रीकृष्ण और सुदामा जैसे मित्र बनाएँ। उन्होने कहा कि नई शिक्षा नीति से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय हो रही है। इस अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई चित्र प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया।
CM

Pravesh Utsav Karyakram 2024 ‘School Chale Hum’ : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज राज्य स्तरीय प्रवेश उत्सव कार्यक्रम- 2024 “स्कूल चलें हम” अभियान का शुभारंभ किया। भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।उन्होंने स्कूल चलें हम अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उपलब्धियां अर्जित करने वाले विद्यार्थियों का प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया।

सीएम मोहन यादव ने किया शुभारंभ

सीएम मोहन यादव ने स्कूल चलें हम अभियान के तहत सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई चित्र प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। उन्होंने कहा कि ‘इस प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में आकर आनंदित हूं। विद्यालयों में प्रवेश लेने वाले यह नन्हें मुन्ने बच्चे आने वाले कल का भविष्य हैं। यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश की शिक्षा व्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन हुआ है। नई शिक्षा नीति से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय हो रही है। विशेष रूप से शिक्षा के क्षेत्र में नई शिक्षा नीति-2020, जिसके माध्यम से हमारे युवा भविष्य कैसे संवारेंगे, इसकी श्रेष्ठ कल्पना की गई है’।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मध्यप्रदेश में संचालित सर्वसुविधायुक्त 369 सीएम राइज स्कूलों और पीएम श्री स्कूलों के माध्यम से छात्रों को आधुनिक तरीके से शिक्षा प्रदान की जा रही है। इन स्कूलों में वर्ल्ड क्लास बिल्डिंग, स्मार्ट क्लास, डिजिटल टीचिंग, नि:शुल्क वाहन सुविधा, एक्सपोजर विजिट और भी बहुत सारे अलग-अलग प्रकार के आधुनिक संसाधन उपलब्ध हैं। अन्य विद्यालयों की भी सभी जरूरी आवश्यकताएं पूरी करने के लिए हम संकल्पित हैं।’ इस अवसर पर उन्होंने “प्रवेशोत्सव कार्यक्रम” में सुपर-100 योजना के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले 5 विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया एवं उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। 

मुख्यमंत्री के जीवन से लें प्रेरणा- कुंवर विजय शाह

इस अवसर पर  स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि ‘आज नए शिक्षण सत्र की शुरुआत हो रही है। 20 जून में हम सब अभिभावकों के साथ संवाद करेंगे। आमतौर पर पालकों का स्कूल के साथ संवाद कम होता है। लेकिन हम चाहते है पालक और स्कूल के बीच की दूरियां कम हो। हम सीएम राइस स्कूल का कॉन्सेप्ट लेकर आए हैं। इन स्कूलों में प्राइवेट स्कूल की तरह सुविधाएं दे रहे हैं।’ मंत्री कुंवर शाह ने कहा कि जो कहते हैं अभाव में पढ़ाई नहीं हो सकती उन्हें मोहन यादव जी का जीवन पढ़ना चाहिए। कार्यक्रम में उदय प्रताप सिंह, कुंवर विजय शाह सहित विश्वास सारंग, कृष्णा गौर समेत अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। 

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews