मध्य प्रदेश मौसम पर अपडेट, आज 11 जिलों में बारिश-बादल का अलर्ट, चलेगी तेज ठंडी हवा, जानें IMD का ताजा पूर्वानुमान

साइक्लोनिक सर्कुलेशन, एक डिप्रेशन और एक अन्य सिस्टम के असर से आज 11 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
MP Weather Update

MP Weather Forecast : अलग अलग स्थानों पर सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से 3 नवंबर तक मध्य प्रदेश का मौसम ऐसा ही बना रहेगा। आज शुक्रवार को रीवा, शहडोल, जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई , वही अन्य जिलों में बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी हो सकती है। नवंबर के पहले हफ्ते से प्रदेश में तापमान गिरने के साथ सर्दी बढ़ने की संभावना है। इधर, तीन नवंबर से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के हिमालयीन क्षेत्र में भी सक्रिय होने के आसार हैं।बता दे कि प्रदेश से मानसून आधिकारिक तौर पर 13 अक्टूबर को विदा हो चुका है। इस साल मानसून लगभग चार महीने सक्रिय रहा।

मध्य प्रदेश मौसम का ताजा पूर्वानुमान

भोपाल मौसम केन्द्र के मुताबिक, पूर्वी विदर्भ और संलग्न दक्षिण छत्तीसगढ़ पर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र से जुड़ा चक्रवातीय परिसंचरण माध्य समुद्र तल से 7.6 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके लगभग उत्तर की ओर पूर्वी मध्य प्रदेश और संलग्न उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने और अगले 24 घंटों के दौरान निम्न दबाव क्षेत्र में कमजोर पड़ने की संभावना है। पूर्व-मध्य अरब सागर पर बना अवदाब (डिप्रेशन) के पूर्व-मध्य अरब सागर के पार उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। दक्षिण हरियाणा और संलग्न राजस्थान के ऊपर माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। 3 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।एक पश्चिमी विक्षोभ, मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ़ के रूप में 32°N अक्षांश के उत्तर में 75°E देशांतर के साथ माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर अवस्थित है एवं उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ गया है।

आज शुक्रवार को इन जिलों में बारिश का अलर्ट

  •  जबलपुर, शहडोल, रीवा और सागर संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश
  • भोपाल, होशंगाबाद और इंदौर संभाग के पूर्वी हिस्सों में  हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।
  • झाबुआ, अलीराजपुर, धार, खरगोन, बुरहानपुर, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली और बड़वानी जिलों में हल्की बारिश

गुरूवार को कहां कैसा रहा मौसम

  • दतिया में सबसे ज्यादा डेढ़ इंच ,जबलपुर में सवा इंच, मलाजखंड में पौन इंच, गुना में आधा इंच से ज्यादा और मंडला में आधा इंच बारिश हुई।
  • ग्वालियर, पचमढ़ी, शिवपुरी, रायसेन, नर्मदापुरम, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, सागर, सिवनी और उमरिया समेत कई जिलों में भी बारिश दर्ज की गई।
  • रात का सबसे कम 15 डिग्री सेल्सियस तापमान शिवपुरी में दर्ज किया गया। दिन का सबसे कम 22.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दतिया में रिकॉर्ड हुआ। 16 शहरों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से कम रहा।

Madhya Pradesh: 1 जून से अब तक कहां कितनी हुई वर्षा

  • मध्य प्रदेश में अब तक 48 इंच बारिश हो चुकी है। प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 37.2 इंच है। इस बार मानसूनी सीजन में 121 प्रतिशत बारिश हुई है यानि अनुमान से 15 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। पिछले मानसूनी सीजन में औसत 44 इंच बारिश हुई थी।
  • गुना में सबसे ज्यादा 65.7 इंच बारिश हुई। मंडला-रायसेन में 62 इंच और श्योपुर-अशोकनगर में 56 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। हालांकि शाजापुर, खरगोन, खंडवा, बड़वानी और धार में सबसे कम बारिश हुई।
  • इंदौर संभाग में सामान्य बारिश का लक्ष्य पूरा हो गया। हालांकि उज्जैन में कोटा पूरा नहीं हो पाया । सागर, रीवा, जबलपुर और शहडोल संभागों में मानसून का जोरदार असर रहा। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र संभाग में औसत से ज्यादा बारिश हुई।
  • ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, भिंड, मुरैना, दतिया और श्योपुर में कोटे से ज्यादा पानी गिर चुका है। भोपाल, राजगढ़, रायसेन, विदिशा, अलीराजपुर, बड़वानी, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, रतलाम, मंदसौर, नीमच, आगर-मालवा, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना और उमरिया में बारिश का कोटा फुल हो चुका है।

MP Weather Forecast Till 2 November

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews