मोहन यादव सरकार का बड़ा फैसला- ग्वालियर व्यापार मेले में वाहनों की बिक्री पर रोड टैक्स में मिलेगी 50% छूट

मोहन यादव सरकार का बड़ा फैसला- ग्वालियर व्यापार मेले में वाहनों की बिक्री पर रोड टैक्स में मिलेगी 50% छूट

Gwalior News, Gwalior Trade Fair : उत्तर भारत के बड़े मेलों में से एक ग्वालियर व्यापार मेला शुरू हो चुका है, दो महीने तक चलने वाले इस व्यापार मेले में अन्य आकर्षणों के बीच वाहनों की बिक्री पर मिलने वाली 50 प्रतिशत की छूट भी बड़ा आकर्षण होती है, प्रदेश सरकार ने इस साल भी इस छूट की घोषणा की है, शासन ने 1 जनवरी 2024 को इसका गजट नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है।

100 साल से ज्यादा पुराना है ग्वालियर का ऐतिहासिक मेला  

100 साल से भी ज्यादा पुराने ग्वालियर के ऐतिहासिक व्यापार मेले में रौनक शुरू हो गई है, 25 दिसंबर से शुरू हुए मेले को हालाँकि अभी कुछ दिन ही हुए हैं और दुकानदार अपनी दुकानें तैयार कर रहे हैं लेकिन कल 1 जनवरी को लोगों ने मेले में लगे झूलों और अन्य छोटी दुकानों का खूब आनंद उठाया।

वाहनों की बिक्री का कई बार बना है रिकॉर्ड 

ग्वालियर व्यापार मेला उत्तर भारत में लगने वाले बड़े और प्रसिद्द मेलों  में से एक है , दो महीने तक चलने वाले ग्वालियर व्यापार मेले (Gwalior Trade Fair)  में करोड़ों रुपये का कारोबार होता हैं यहाँ देश के कोने कोने से व्यापारी शामिल होने आते हैं, अन्य कई सारे आकर्षणों के बीच यहाँ बिकने वाले वाहनों पर दी जाने वाली 50% रोड टैक्स छूट भी एक बड़ा आकर्षण है, कई बार इस छूट के चलते मेले ने वाहनों की बिक्री का रिकॉर्ड बनाया है।

रोड टैक्स में 50 प्रतिशत छूट का गजट नोटिफिकेशन जारी 

इस बार भी व्यापारियों ने छूट की मांग की थी जिसे मध्य प्रदेश की डॉ मोहन यादव सरकार ने स्वीकार कर लिया है और पूरी  मेला अवधि (25 दिसंबर से 25 फरवरी तक) के लिए मेले में बिकने वाले वाहनों पर रोड टैक्स में 50 प्रतिशत छूट देने का फैसला किया है, शासन ने कल 1 जनवरी 2024  को इसका गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है इसमें कुछ शर्तें भी शामिल हैं।

  •  गजट नोटिफिकेशन के मुताबिक गैर परिवहन वाहन जैसे कार, मोटर साइकिल, निजी उपयोग की ओमनी बस आदि की मेला अवधि के दौरान बिक्री करने पर रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
  • ये छूट ग्वालियर के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO)  में स्थाई रजिस्ट्रेशन कराने पर ही मिलेगी।
  • मेले में बाहर से आने वाले डीलर्स को ग्वालियर RTO से व्यवसाय प्रमाणपत्र लेना होगा और ग्वालियर मेले में स्टॉल लगाना होगा तभी उनके द्वारा बेचे गए वाहनों पर 50 प्रतिशत छूट का लाभ खरीदार को मिलेगा।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews