लाड़ली बहना योजना : e-KYC और रजिस्ट्रेशन में तेजी, गांव गांव में गूंज रहा “अब जिओ लाड़ली बहना”

लाड़ली बहना योजना : e-KYC और रजिस्ट्रेशन में तेजी, गांव गांव में गूंज रहा “अब जिओ लाड़ली बहना”

MP Ladli Behna Yojana :  मध्य प्रदेश में शुरू हुई “मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना” को लेकर पूरे प्रदेश की तरह ही ग्वालियर में भी खासा उठा देखा जा रहा है, अभी तक जिले में 8435 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं जिसमें अभी और तेजी आने की उम्मीद है। उर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भी योजना के लिए आज अपनी विधानसभा क्षेत्र में अलग से पांच शिविर लगाये ही जिसकी निगरानी वे खुद कर रहे हैं, उधर महिलाओं को योजना की जानकारी देने के लिए मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र गांव गांव  पहुँच रहे हैं एवं लोकगीत के माध्यम से महिलाओं को योजना की जानकारी दे रहे हैं और पंजीयन के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

कलेक्टर ने किया “लाड़ली बहना योजना” कंट्रोल रूम का निरीक्षण  

“मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना” को प्रभावी ढंग से लागू करने एवं इससे संबंधित सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के उद्देश्य से नगर निगम के बाल भवन सभागार में कंट्रोल रूम बनाया गया है। शहरी क्षेत्र के लिये बाल भवन में बनाए गए कंट्रोल रूम का फोन नं. 0751-2438266 है। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने बाल भवन पहुँचकर कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कंट्रोल रूम में तैनात शासकीय सेवकों को निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम में लाड़ली बहना योजना एवं ई-केवायसी इत्यादि से संबंधित समस्या को लेकर कोई फोन आता है तो उस समस्या को नोट कर करें और संबंधित अधिकारी के माध्यम से त्वरित निराकरण भी करायें। उन्होंने पूरी मुस्तैदी के साथ कंट्रोल रूम में ड्यूटी करने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।

ऊर्जा मंत्री की विधानसभा में शिविर, मंत्री जी भरवा रहे बहनों के फॉर्म 

महिला सशक्तिकरण के लिये प्रदेश में लागू की गई “मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना” के तहत बहनों की ई-केवायसी कराने और फॉर्म जमा करने के लिये ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निर्देश पर ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में आज 31 मार्च को पाँच स्थानों पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।  ऊर्जा मंत्री शिविरों में स्वयं उपस्थित रहकर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से अधिक से अधिक बहनों को लाभान्वित कराने के उद्देश्य से ई-केवायसी एवं फार्म जमा करने का कार्य करा रहे हैं। यह शिविर ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्र.-8 में चौड़े के हनुमान मंदिर, वार्ड क्र.-6 में बम भोले की बगिया, वार्ड-5 में सिद्धबाबा का मंदिर कृष्णानगर पहाड़िया, वार्ड-10 में सार्वजनिक धर्मशाला तथा वार्ड-9 में कल्लूबाबा की बगिया, राजा का मंडी तिराहे पर आयोजित किये जा रहे हैं। शिविर में महिलाओं की खासी भीड़ दिखाई दे रही है।
शहर से लेकर विकासखंड स्तर तक बीएलओ एवं अन्य कर्मचारियों को दिया प्रशिक्षण

“मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना” के तहत ई-केवायसी और ऑनलाइन पंजीयन के काम में तेजी लाने के लिये ग्वालियर शहर से लेकर जिले के विभिन्न विकासखंडों व नगरीय निकायों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। ई-केवायसी और मुख्यमंत्री लाड़ली बहना के पंजीयन के काम में बीएलओ, जन अभियान परिषद से जुड़ी प्रस्फुटन व नवांकुर समितियाँ, मुख्यमंत्री इंटर्नशिप वॉलेन्टियर एवं आजीविका मिशन से जुड़ीं दीदियाँ भी सहभागिता निभायेंगे। इस सिलसिले में भितरवार में इन सभी को प्रशिक्षित किया गया। इसी तरह जनपद पंचायत बरई के सभागार में बीएलओ को प्रशिक्षण दिया गया।
भितरवार में आयोजित हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम में एसडीएम अश्विनी रावत व तहसीलदार श्रीमती शिवानी पाण्डेय व अन्य अधिकारियों ने ई-केवायसी और मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के फॉर्म भरने की बारीकियाँ सिखाईं। इसी तरह बरई में एसडीएम अनिल बनवारिया की मौजूदगी में आयोजित हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम में विकासखंड घाटीगाँव के बीएलओ व विभिन्न विभागों के मैदानी कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया। भितरवार के प्रशिक्षण में जनअभियान परिषद के विकासखंड समन्वय अधिकारी मनोज दुबे ने जानकारी दी कि गाँव-गाँव में प्रस्फुटन व नवांकुर संस्थाएँ ई-केवायसी के काम में सहयोग कर रही हैं।

गांव गांव में गूंज रहा “अब जियो लाडली बहना, बढ़ी चलो लाडली बहना”

उधर ग्वालियर जिले में अपने-अपने तरीकों व अंदाज से जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शासकीय सेवक एवं समाज के प्रबुद्धजन “मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना” की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने में सहभागी बन रहे हैं। ग्वालियर जिले के विभिन्न विकासखंडों में पदस्थ “मुख्यमंत्री जन सेवा मित्र” ने लोकगीत “अब जियो लाडली बहना, बढ़ी चलो लाडली बहना” को इस योजना के प्रचार का माध्यम बनाया है। ग्रामीण महिलाओं को जनसेवा मित्रों का यह अद्भुत और अनौखा अंदाज खूब भा रहा है।
इस भाव के अनुरूप ग्वालियर जिले के विकास खण्ड मुरार की “मुख्यमंत्री जन सेवा मित्र” सुश्री अंजली गौतम ने जिले के करगवां गांव में माता के दर्शन के लिए आ रहीं महिलाओं के बीच पहुँच गई। उन्होंने मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना पर केन्द्रित एक लोक गीत का सामूहिक गायन महिलाओं के बीच बैठकर किया। साथ ही इस योजना की महत्वपूर्ण जानकारी महिलाओं के साथ साझा की। अद्भुत अंदाज में लाडली बहना योजना की जानकारी पाकर महिलाओं की खुशी और उत्साह देखते ही बना। इस अवसर पर बहनों ने मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार जताया। साथ ही अपने क्षेत्र के गाँवों की बहनों को जागरुक करने का वादा भी किया।

मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र सुश्री अंजलि द्वारा गाए गीत के बोल थे…..

जीवन ले आया है नया सवेरा
जीवन ले आया है नया उजियारा
शिवराज भैया का क्या कहना
अब जियो लाडली बहना
बढ़े चलो लाडली बहना
अब जियो लाडली बहना
बढ़ी चलो लाडली बहना
खुशियों का गहना अब जियो लाडली बहना
घर घर में खुशियां बिखेरे शिवराज सरकार का वादा है
अब जियो लाडली लाडली बहना
घर में मेरा मान एमपी का सही इरादा है
अब जियो लाडली बहना अब जियो लाडली शिवराज भैया का है कहना
अब जियो लाडली बहना…

[dgv_vimeo_video id=”813491020″]

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews