कमलनाथ बोले- रासुका के अपराधियों को सतना भेजा, अन्य जिलों में भी फैलेगा कोरोना

कमलनाथ बोले- रासुका के अपराधियों को सतना भेजा, अन्य जिलों में भी फैलेगा कोरोना

भोपाल/सतना।

इंदौर से सतना सेंट्रल जेल भेजे गए दोनों आरोपियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर हड़कंप मच गया है।भाजपा विधायक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी सवाल उठाए है। कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा है कि बड़ा ही आश्चर्यजनक है कि जब प्रदेश में लॉक डाउन है , कई जिलो में कर्फ़्यू है , कई जिलो की सीमा सील है , कोरोना के संक्रमण को देखते हुए आमजन को भी एक ज़िले से दूसरे ज़िले में जाने की इजाज़त नहीं है और ऐसे में इंदौर से रासुका के अपराधियों को सतना भेज दिया गया और वो कोरोना संक्रमित निकले।
इससे तो कोरोना का संक्रमण अन्य जिलो में भी फैलेगा।

भाजपा विधायक ने भी उठाए सवाल

कई बार अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले मैहर से भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने भी इसको लेकर सवाल उठाए है। त्रिपाठी ने इसे इंदौर जिला प्रशासन की गलती बताया है| उन्होंने दोषी अधिकारीयों पर कार्रवाई की मांग की है। त्रिपाठी ने कैदियों को शिफ्ट करने पर ऐतराज जताया है साथ ही दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने कहा लॉक डाउन के बीच कैदियों की शिफ्टिंग लॉक डाउन का उल्लंघन भी है।

सतना कलेक्टर की सफाई

सतना कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अजय कटेसरिया ने बताया कि जिलेवासियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। संदिग्ध होने के कारण सुरक्षा के लिहाज से इन्हें शुरू से ही अलग रखा गया था। संक्रमण से बचाव के लिए इन्हें जिला अस्पताल भी नही लाया गया। जेल में ही इनकी सैम्पलिंग कराई गई है। लिहाजा जिले में संक्रमण का कोई खतरा नहीं है।

ये है पूरा मामला

इंदौर से सतना सेंट्रल जेल भेजे गए दोनों आरोपित कोरोना पॉजिटिव पाए गए है।आईसीएमआर जबलपुर में दोबारा हुई जांच में भी ये दोनों आरोपित कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इन्हें आइसोलेट किया जा रहा है। बीते दिनों शहर के चंदन नगर में पुलिसकर्मियों पर पत्थर चलाए जाने की घटना सामने आई थी और आरोपियों को पुलिस ने दबोचा लिया था। कलेक्टर मनीष सिंह ने चंदन नगर में हुई घटना के चार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए रासुका के तहत मामला दर्ज किया था। आरोपियों को जबलपुर और सतना जेल भेजने के आदेश दिए गए थे। जिनके खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई हुई है, उनके नाम जावेद (25), इमरान खान (24), नासिर खां (58), सलीम खान (50) और समीर अनवर (22) हैं। ये आरोपी लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे थे। पुलिस के मना करने पर इन्होंने बदतमीजी की और पत्थरबाजी शुरू की थी। अब इन्हीं चार आरोपियों में से एक आरोपी कोरोना पॉजिटिव निकला है। सीएमएचओ डॉ. एके अवधिया ने पुष्टि करते हुए बताया कि सतना सेंट्रल जेल में इंदौर से भेजे गए रासुका के दोनो आरोपित कोरोना पॉजिटिव हैं।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews