‘न फिटनेस न बीमा, बस भी 15 साल पुरानी’, गुना बस हादसे पर सीएम से बोले ट्रांसपोर्टर “मोहन सरकार को सुदर्शन चक्र चलाना पड़ेगा”

demand of transport association

Guna bus accident : गुना बस हादसे को लेकर अब ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने परिवहन विभाग को घेरा है और सवाल उठाए हैं। एमपी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के चेयरमैन सीएल मुकाती ने जिस बस में हादसा हुआ है, उसके पेपर शेयर करते हुए पूछा है कि 15 साल पुरानी बस सड़क पर कैसे चल रही थी। इसी के साथ उन्होने सीएम मोहन यादव से परिवहन विभाग पर कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं मंदसौर के पूर्व विधायक यशपाल सिसोदिया ने दोषियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।

ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने उठाए सवाल

सीएल मुकाती ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि ‘महोदय बस 15 वर्ष पुरानी है रोड पर कैसे चल रही थी….? फिटनेस बीमा नहीं है RC डीटेल डाली है, परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार की जड़ बहुत गहरी है मोहन सरकार को सुदर्शन चक्र चलना पड़ेगा विभाग पर।’ उन्होने कहा कि ऐसी दुर्घटनाएं होती रहती हैं लेकिन जिम्मेदार लोग इसपर ध्यान नहीं देते हैं। उन्होने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग की है कि परिवहन विभाग पर कार्रवाई करें। वहीं मंदसौर के पूर्व विधायक यशपाल सिसोदिया ने एक्स पर लिखा है कि ‘सीएम मोहन यादव जी दुखद और हृदय विधायक घटना को आपने गंभीरता से लिया, सारे आवश्यक कार्य छोड़कर के आप गंभीर घायलों की कुशलता पूछने के लिए निकल रहें हैं, बस में अनेक अनियमितता थी, “दोषी के ऊपर हत्या का मामला दर्ज” होना चाहिए।’

सीएम मोहन यादव गुना दौरे पर

बता दें कि गुना से आरोन जा रही बस की डंपर से टक्कर होने के बाद उसमें भीषण आग लगने से अब तक 13 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। इस दुखद हादसे के बाद आज सीएम मोहन यादव गुना दौरे पर हैं और वो घायलों व मृतकों के परिजनों से मुलाकात करेंगे। इससे पहले वो घटना की जांचे के आदेश दे चुके हैं और आर्थिक सहायता का ऐलान भी किया है। बस दुर्घटना में मृतकों के परिवार को 4-4 लाख रुपए और गंभीर घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की गई है और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के भी निर्देश भी जिला प्रशासन को दिए गए हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews