MP Election 2023 : अमित शाह के रिपोर्ट कार्ड के जवाब में मल्लिकार्जुन खड़गे ने पेश किया कांग्रेस का रिपोर्ट कार्ड, MP में कमीशन राज हटाने का संकल्प लिया

MP Election 2023 : अमित शाह के रिपोर्ट कार्ड के जवाब में मल्लिकार्जुन खड़गे ने पेश किया कांग्रेस का रिपोर्ट कार्ड, MP में कमीशन राज हटाने का संकल्प लिया

MP Election 2023 : सागर में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मध्य प्रदेश में 50 प्रतिशत कमीशन राज का खात्मा करेंगे। इसी के साथ उन्होने अमित शाह के रिपोर्ट कार्ड के जवाब में कांग्रेस का रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए कांग्रेस शासनकाल में हुए काम की फेहरिस्त भी गिनाई। खड़गे ने इस मौके पर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर जातीय जनगणना की जाएगी और उन्होने सागर में संत रविदास के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने का ऐलान भी किया। उन्होने कांग्रेस द्वारा की गई ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने, महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये, 500 में गैस सिलेंडर, किसानों की कर्जमाफी और 100 यूनिट बिजली माफ करने की घोषणाएं भी दोहराई।

कांग्रेस अध्यक्ष की बड़ी घोषणाएं

मध्य प्रदेश में कांग्रेस का चुनावी शंखनाद करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी पर जमकर हमला किया। उन्होने कहा कि नरेंद्र मोदी पिछले 9 साल से देश के प्रधानमंत्री हैं, मध्य प्रदेश में 18 साल से बीजेपी का शासन है लेकिन संत रविदास जी का मंदिर बनाने का खयाल उनको ठीक चुनाव से पहले आया। उन्होने कहा कि बीजेपी का मकसद यहां मंदिर या उनके नाम से संस्थान बनाना नहीं, उनका मकसद वोट लेने का है। इसी के साथ उन्होने ऐलान किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर सागर में संत रविदास जी के नाम से एक विश्वविद्यालय खोला जाएगा। खड़गे ने कहा कि ये काम वोटों के लिए नहीं, लोगों क हित के लिए है। वहीं उन्होने ये घोषणा भी की कि कांग्रेस सरकार बनने पर जातीय जनगणना की जाएगी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने इस मौके पर कहा कि पीएम मोदी एक तरफ तो वोटों के लिए चुनाव से पहले सागर में संत रविदास मंदिर का भूमिपूजन करते हैं, और वहीं 2019 में दिल्ली में रविदास जी के मंदिर को बुलडोजर से तोड़ दिया गया। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होने कहा कि बीजेपी का सिद्धांत ‘मुंह में राम बगल में चोरी’ का ह। वो मुंह से ये सबका नाम लेते हैं लेकिन उसका मकसद सिर्फ वोट बटोरना है। खड़गे ने कहा कि रविदास जी कहते थे कि किसी की पूजा इसलिए मत करो कि वो बड़े पद पर हैं। वो ऐसी व्यवस्था चाहते थे जहां कोई भूखा न रहे और छूआछूत न हो। उन्होे कहा था ‘ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न, छोट बड़ा सब संग बसे रैदास रहे प्रसन्न’ और हम उनके दिखाए इसी मार्ग पर चलना चाहते हैं।

शाह के रिपोर्ट कार्ड के जवाब में कांग्रेस का रिपोर्ट कार्ड

मल्लिकार्जुन खड़गे ने अमित शाह द्वारा जारी बीजेपी सरकार के रिपोर्ट कार्ड के बदले में कांग्रेस का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। उन्होने कहा कि अमित शाह ने हमसे 53 साल का रिपोर्ट मांगी है और मेरे पास सारे आंकड़े हैं। उन्होने कहा कि जब मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ एक था तो भिलाई स्टील प्लांट हमने बनवाया। कांग्रेस ने इंदिरा सागर डैम बनाया, इंदौर आईआईएम बनाया, एम्स भोपाल बनाया, मौलाना आज़ाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलॉजी, चंबल घाटी प्रोजेक्ट सहित ऐसे सैंकड़ों चीजें हैं जो हमारे रिपोर्ट कार्ड में शामिल है। उन्होने कहा कि कांग्रेस ने लोगों की जिंदगी बनाने का काम किया है, उन्हें रोजगार देने का काम किया है। हम सिर्फ भाषण नहीं देते। जनता जानती है कि जवाहरलाल नेहरु से लेकर राजीव गांधी तक हमने क्या किया।

उन्होने कहा कि शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश में पिछले 18 साल से हुकूमत कर रहे हैं। मोदी जी ने गुजरात में साढ़े 13 साल हुकूमत की और दिल्ली में उन्हें 10 साल होने जा रहे हैं। वो अब कांग्रेस के 53 साल की रिपोर्ट मांग रहे हैं लेकिन इसका लगभग आधा समय तो उन्हें भी हो गया है शासन करते हुए। लेकिन गुजरात आज भी पौष्टिक आहार के मामले में सबसे पिछड़ा राज्य है। वो मध्य प्रदेश से क्या वााद करेंगे ? खड़गे ने कहा कि कांग्रेस मध्य प्रदेश में जनाधार के बूते आई थी लेकिन बीजेपी ने उससे ये छीन लिया। हम लोकतंत्र के उसूलों से जीते थे मगर बीजेपी छीनकर राज करती है।

कमीशन राज के खात्मे का संकल्प

जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मध्य प्रदेश में 50 प्रतिशत कमीशन की सरकार है। हमने कर्नाटक में 40 प्रतिशत भ्रष्टाचार और कमीशन की सरकार थी, हमने उसे खत्म किया। अब मध्य प्रदेश की बारी है..यहां कमलनाथ जी 50 प्रतिशत वाली कमीशन की सरकार को हटाना है। उन्होने जनता से आह्वान किया कि इस कमीशन वाली सरकार को हटाने के लिए आपकी शक्ति कमलनाथ और कांग्रेस के साथ होनी चाहिए। उन्होने कह कि बीजेपी पैसों के बल पर या डराकर राज करने वालों में है लेकिन हम न डरने वालों में हैं न डराने वालों में।

बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होने काह कि ये लोगों की हिफाजत और भलाई का काम नहीं करते है। मध्य प्रदेश आज अंधेर नगरी चौपट राजा बन गया है। यहां घोटाला राज है, लूटपाट हो रही है, भ्रष्टातार हो रहा है। ऐसे में क्या उन्हें मध्य प्रदेश में जनता का वोट मिलेगा। उन्होने पहले भी कई बार झूठ बोलकर वोट लिया है, लेकिन अब मध्य प्रदेश के लोग तो हमारा दिल है, हमारी आत्मा है। खड़गे ने कहा कि ये प्रदेश कांग्रेस के शासन में ही तरक्की करेगा और आह्वान किया कि जनता सच्चाई का साथ दे।

अपने भाषण का अंत उन्होने कविता की कुछ पंक्तियों के किया और कहा कि ‘जीतूंगा मैं ये खुद से वादा करो, जितना सोचते हैं उससे भी ज्यादा करो, तकदीर भी रूठे पर हिम्मत न टूटे, मजबूत इतना अपना इरादा करो, हर कामयाबी पर आपका नाम होगा, आपके हर कदम पे दुनिया का सलाम होगा, मुश्किलों का सामना हिम्मत से करना, तो देखना एक दिन वक्त भी आपके गुलाम होगा।’

[dgv_vimeo_video id=”856707352″]

[dgv_vimeo_video id=”856713209″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews