
BJP leader Pravesh Shukla urinating on tribal youth : बीजेपी विधायक केदारनाथ शुक्ला के प्रतिनिधि प्रवेश शुक्ला का एक वीडियो वायरल हो रहा है और इसके बाद हंगामा मच गया है। इस वीडियो में प्रवेश शुक्ला मानसिक रूप से विकलांग आदिवासी युवक पर पेशाब करते नजर आ रहा है। इस घटना की कांग्रेस ने कड़े शब्दों में निंदा की है, वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसकी जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि अपराधी पर NSA भी लगाया जाएगा। मामले में अपराध कायम कर लिया गया है।
कांग्रेस ने की निंदा, बीजेपी को घेरा
ये वीडियो सीधी के करोंदी गांव का है करीब 3 महीने पुराना बताया जा रहा है। इसमें एक आदिवासी कोल युवक पीले रावत (30) जमीन पर बैठा दिखाई दे रहा है और उसके मुंह पर बीजेपी विधायक केदारनाथ शुक्ला के प्रतिनिधि प्रवेश शुक्ला पेशाब करते हुए कैमरे में कैद हुए हैं। कहा जा रहा है कि उसने अपनी मजदूरी मांगी थी, जिसके बाद प्रवेश शुक्ला ने ये फूहड़ हरकत की। इस वीडियो के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने इसकी घोर निंदा करते हुए कहा है कि ‘प्रदेश के सीधी जिले से एक आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब करने की क्रूरता का वीडियो सामने आया है। आदिवासी समाज के युवक के साथ ऐसी जघन्य और गिरी हुई हरकत का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है। आरोप है कि पेशाब करने वाला व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। मध्य प्रदेश पहले ही आदिवासी अत्याचार में नंबर वन है। इस घटना ने पूरे मध्यप्रदेश को शर्मसार कर दिया है। मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि दोषी व्यक्ति को सख्त से सख्त सजा दी जाए और मध्यप्रदेश में आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार को समाप्त किया जाए।’
वहीं यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने कहा है कि ये बीजेपी की मानसिकता दर्शाती है और आदिवासी अत्याचारों में बीजेपी नेताओं का नाम हमेशा अव्वल नंबर पर होता है। उन्होने कहा कि ये जितने भी आदिवासी हितैषी बनें लेकिन असल में आदिवासी विरोधी हैं। मध्यप्रदेश पूरे देश में आदिवासियों पर अत्याचार में नंबर एक पर है और इस कृत्य पर पूरी भाजपा को आदिवासी समाज से माफी मांगनी चाहिए। इसी के साथ मध्य प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष रामू टेकाम ने भी घटना की निंदा करते हुए बीजेपी की कथनी और करनी में जमीन आसमान का फर्क है और उनके ऊपर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
सीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश
वहीं इस मामले में अपराध कायम किया गया है और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए है कि अपराधी को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाए। उन्होने कहा है कि अपराधी पर एनएसए लगाया जाए और उसके ऊपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
https://twitter.com/KashifKakvi/status/1676211020522741760?s=20
[dgv_vimeo_video id=”842192748″]
[dgv_vimeo_video id=”842192974″]
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

