MP Politics : कमलनाथ का ऐलान, सरकार आते ही दोबारा शुरू होगी कर्ज माफी योजना, BJP ने कसा तंज

kamalnath

Kamal Nath Announcement : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ऐलान किया है कि यदि कांग्रेस की सरकार 2023 में सत्ता में आती है तो किसानों की कर्ज माफी के लिए शुरू की गई योजना दोबारा शुरू की जाएगी। दरअसल 2018 के चुनावी घोषणा पत्र में किसानों का कर्जा माफी करने का उल्लेख किया गया था और 2020 में सरकार गिरने के बावजूद कमलनाथ ने दावा किया था कि वे अब तक 27 लाख किसानों का कर्जा माफ कर चुके हैं।

विधानसभा चुनावों का काउंटडाउन शुरू

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनावों का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और अब हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की वापसी से उत्साहित कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। थोड़ी देर पहले ट्विटर पर उन्होंने एक ट्वीट किया है जिसमें लिखा गया है कि “शिवराज सरकार द्वारा बंद की गई किसान कर्ज माफी योजना कांग्रेस की सरकार वापस आते ही दोबारा शुरू की जाएगी।”

कमलनाथ का बड़ा ऐलान

दरअसल 2018 के विधानसभा चुनावों के प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घोषणा की थी कि यदि कांग्रेस की सरकार बनी तो किसानों का कर्जा माफ किया जाएगा। सरकार बनी कमलनाथ मुख्यमंत्री बने और पहले दिन शपथ लेने के साथ ही उन्होंने किसानों के कर्ज माफी करने के आदेश पर हस्ताक्षर भी कर दिए।

कांग्रेस का दावा 

कांग्रेस का दावा है कि कर्ज माफी की प्रक्रिया शुरू भी हो गई थी और लगभग 27 लाख किसानों का कर्जा माफ हो गया था। लेकिन बीजेपी ने सरकार गिरा दी और कर्जा माफी की योजना अधर में लटक गई।अब कमलनाथ कह रहे हैं कि यदि दोबारा सरकार बनती है तो इसे फिर लागू किया जाएगा।

बीजेपी का तंज 

वहीं बीजेपी ने इसे लेकर तंज कसा है। बीजेपी के प्रवक्ता डॉ हितेश बाजपेई ने ट्वीट किया है और लिखा है कि “कमलनाथ अब मध्यप्रदेश में किसान कर्ज माफी का फ्लॉप लॉलीपॉप ला रहे हैं। कांग्रेस गुजरात के परिणामों से निराश है और जनता को शिवराज में विश्वास है।”

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews