नरोत्तम मिश्रा की कमल नाथ को दो टूक, एमपी में बजरंग दल पर प्रतिबंध तो दूर कोई इस बारे में सोच भी नहीं सकता

नरोत्तम मिश्रा की कमल नाथ को दो टूक, एमपी में बजरंग दल पर प्रतिबंध तो दूर कोई इस बारे में सोच भी नहीं सकता

Bajrang Dal ban controversy : कर्नाटक चुनाव घोषणा पत्र में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान कर कांग्रेस ने देश का सियासी पारा चढ़ा दिया है, बजरंग दल पर प्रतिबंध की बात अब मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस के नेता करने लगे हैं जिन्हें प्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने आज करारा जवाब दिया है।

मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां अपने अपने तरीके से मतदाता को रिझाने में अभी से जुट गई हैं। इस बीच कांग्रेस ने कर्नाटक में बजरंग दल की तुलना पीएफआई से कर सरकार बनने पर उसपर प्रतिबंध लगाने का वादा चुनाव घोषणापत्र में कर एक नई बहस को जन्म दे दिया है।

कर्नाटक से निकली बजरंग दल पर प्रतिबंध की हवा मध्य प्रदेश भी पहुँच गई है, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कांतिलाल भूरिया और  सज्जन सिंह वर्मा ने बयान दिया है कि उनकी सरकार बनने पर मध्य प्रदेश में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाया जायेगा। कांग्रेस नेताओं का बयान सामने आने के बाद भाजपा नेताओं की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है।

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेताओं के बयान पर पलटवार किया है, अपनी नियमित प्रेस ब्रीफिंग में डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेताओं के बयान पर कमल नाथ को निशाने पर लिया, उन्होंने कहा कि हम तो कमल नाथ जी और कांग्रेस को जब वीर माने जब वे राजस्थान, छत्तीसगढ़ और हिमाचल में प्रतिबंध लगवा दे।

गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ को दो टूक लहजे में कहा “ये मध्य प्रदेश है यहाँ प्रतिबंध लगाना तो बहुत दूर की बात है, कोई विचार भी नहीं कर सकता। मध्य प्रदेश में ये हरगिज संभव नहीं होगा। वैसे भी आपकी सरकार तो मध्य प्रदेश में बन ही नहीं रही तो क्यों झूठ बोल रहे हो आप लोग?”

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews